सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अचानक एक घर में ब्लास्ट होता है। फुटेज में ब्लास्ट के बाद निकलते आग के गुबार को भी देखा जा सकता है। यूजर्स इस सीसीटीवी फुटेज को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ‘गफ्फार मियां’ नामक शख्स अपने घर में बम परीक्षण कर रहा था। तभी परीक्षण के दौरान ही यह हादसा हो गया है।
सीसीटीवी फुटेज को शेयर करते हुए Dilip Kumar Singh नामक यूजर ने लिखा, ‘मोदी जी के मेक इन इण्डिया अभियान को लगा झटका. महान मदरसा वैज्ञानिक गफ्फार मियां पूरी फैमिली के साथ 72 हूरों के पास रवाना….घर में बम परीक्षण के दौरान हुआ हादसा’

वहीं इस फुटेज को शेयर करते हुए Mr. Mishra नामक यूजर ने लिखा, ‘जब CCTV का जमाना नहीं था तब हम खबर सुनते थे. अब तो “सीधा प्रसारण” ही देखते हैं….महान मदरसा वैज्ञानिक “अब्दुल गफ्फार” पूरी फैमिली के साथ हूरों के पास रवाना…. घर में बम परीक्षण के दौरान हुआ हादसा’

इसके अलावा इस सीसीटीवी फुटेज को ‘गफ्फार मियां’ के घर बम परीक्षण के दौरान ब्लास्ट होने के दावे के साथ कई यूजर्स ने शेयर किया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि यह बम ब्लास्ट की घटना नहीं है, बल्कि सिलेंडर फटने की घटना का सीसीटीवी फुटेज है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कर्नाटक के धारवाड़ के जन्नत नगर इलाके में राजा साब नामक शख्स के घर सिलेंडर फटने की घटना का फुटेज है। वहीं इस घटना के संदर्भ में धारवाड़ के विद्यागिरी पुलिस ने DFRAC के बताया कि यह घटना बम ब्लास्ट का नहीं है, बल्कि सिलेंडर फटने का है।
हमारी टीम ने जांच के लिए सबसे पहले वीडियो को कीफ्रेम्स में कन्वर्ट किया, फिर इन फ्रेम्स को अलग-अलग रिवर्स सर्च किया। हमें इस घटना के संदर्भ में न्यूज एजेंसी रायटर्स की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल सीसीटीवी फुटेज को देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट में बताया गया है, ’25 अगस्त, 2026 कर्नाटक के धारवाड़ में जन्नत नगर इलाके के एक घर में गैस लीक होने की वजह से घरेलू LPG सिलेंडर में ज़बरदस्त धमाका हुआ। इस धमाके से इलाके में अफ़रा-तफ़री मच गई। धमाका इतना ज़ोरदार था कि बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर बहुत तेज़ी से घर से बाहर जा गिरा। धमाके के असर से बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी कई मीटर दूर जा गिरी।’

आगे की जांच में हमें कन्नड़ भाषा के मीडिया संस्थानों vishwavani और newsonewsu.com की इस घटना के संदर्भ में प्रकाशित रिपोर्ट्स मिलीं। विश्ववाणी की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘शहर में सिलेंडर विस्फोट से एक घर पूरी तरह से नष्ट हो गया। यह घटना मंगलवार को धारवाड़ के जन्नत नगर में हुई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे केआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजा साहब के घर में सिलेंडर फट गया। सिलेंडर विस्फोट का दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। विस्फोट की तीव्रता से राजा साहब का घर पूरी तरह से नष्ट हो गया। राजा साहब गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें केआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।’ (हिन्दी अनुवाद)

newsonewsu.com की रिपोर्ट में उल्लेखित है, ‘जन्नत नगर में एक ज़बरदस्त सिलेंडर धमाके से एक घर तबाह हो गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे आस-पास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने बताया कि LPG सिलेंडर से जुड़ा पाइप टूटने और घर में गैस लीक होने के बाद धमाका हुआ। यह हादसा जन्नत नगर में राजा साब के घर पर हुआ। धमाका इतना ज़ोरदार था कि घर की बिल्डिंग को बहुत नुकसान हुआ और घर के अंदर का सामान भी बिखर गया। सिलेंडर धमाके का सीन घर के CCTV कैमरे में भी कैद हो गया। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, LPG सिलेंडर से जुड़ा पाइप फटने की वजह से घर में गैस लीक हुई। बताया जा रहा है कि जब राजा साब ने इस समय टीवी चालू किया, तो जमा हुई गैस में आग लग गई और धमाका हो गया।’

आगे की जांच में हमने पाया कि यह सीसीटीवी फुटेज hubballi_city नामक फेसबुक पेज पर भी पोस्ट किया गया है, जिसके साथ अंग्रेजी भाषा में दिए कैप्शन में बताया गया है, ’25 अगस्त को धारवाड़ के जन्नत नगर में एक घर में LPG सिलेंडर में ज़बरदस्त धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि धमाके की वजह से सिलेंडर घर के बाहर जा गिरा और पास खड़ी एक बाइक भी कई मीटर दूर जा गिरी। इस खौफनाक मंज़र को CCTV में रिकॉर्ड किया गया। इस घटना में राजा साहब/राजेशब नाम के व्यक्ति बुरी तरह झुलस गए और उन्हें आगे के इलाज के लिए हुबली के KIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया।’ (हिन्दी अनुवाद)
हमारी टीम ने hubballi_city के फेसबुक पेज पर दिए नंबर पर संपर्क किया। इस पेज के एडमिन ने हमें बताया कि वायरल घटना बम ब्लास्ट की नहीं है, बल्कि सिलेंडर फटने की है। वहीं इस संदर्भ में हमारी टीम ने विद्यागिरी पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। पुलिस ने हमें बताया कि वायरल सीसीटीवी फुटेज सिलेंडर फटने का है। पुलिस ने गफ्फार मियां के घर परीक्षण के दौरान बम ब्लास्ट होने के दावे को भ्रामक करार दिया है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया दावा भ्रामक है। वायरल सीसीटीवी फुटेज राजा साब नामक शख्स के घर सिलेंडर फटने की घटना का है, जिसे सांप्रदायिक रंग देते हुए ‘गफ्फार मियां’ के घर परीक्षण के दौरान बम ब्लास्ट का झूठा दावा किया गया है।
| Claim Review | A man named ‘Gaffar Miyan’ was conducting a bomb test at his home when an explosion occurred. |
| Claimed By | Social Media Users |
| Fact Check | Misleading |
Our Sources:
- News Coverage of Reuters Connect, Publish on August 29th, 2026
- News Coverage of Vishwavani, Publish on August 26th, 2026
- News Coverage of newsonewsu.com, Publish on August 26th, 2026
- Facebook Post of Hubballi city on August 30st, 2026
- ‘Hubballi city’ facebook page admin statement to DFRAC
- Vidyagiri Police Station statement to DFRAC
