Jitu Patwari

फैक्ट चेकः जीतू पटवारी ने राम मंदिर में दान किए पैसे वापस नहीं मांगे, वायरल बयान फेक है

Fact Check hi Fake Featured

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप लगे हैं और इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच भी जारी है। वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने उज्जैन में भी जमीन घोटाले के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पिछले दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले पर सरकार को घेरा था।

इस बीच सोशल मीडिया पर जीतू पटवारी के बयान का एक पोस्टकार्ड वायरल हो रहा है, जिसके साथ दावा किया जा रहा है कि जीतू पटवारी ने राम मंदिर को दान किए गए पैसे वापस मांगे हैं। वायरल पोस्टकार्ड में टेक्स्ट लिखा है, ‘मैंने राम मंदिर के लिए 1100 रुपए दान किए थे, मुझे अपना पैसा वापिस चाहिए।’ इस पोस्टकार्ड को शेयर करते हुए Jitendra pratap singh नामक यूजर ने लिखा, ‘कांग्रेसियों से ज्यादा नीच जानवर इस धरती पर कोई और नहीं होगा’

लिंक

वहीं फेसबुक पर कांग्रेस मुक्त मध्य प्रदेश नामक यूजर ने पोस्टकार्ड शेयर करते हुए लिखा, ‘जीतू पटवारी ने राम मंदिर चंदा के दिये हुए पैसे मांगे वापस…’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच में इसे फेक पाया है। हमने पाया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राम मंदिर में दान किए गए पैसे वापस नहीं मांगे हैं और दैनिक जागरण ने भी जीतू पटवारी के बयान का ऐसा कोई पोस्टकार्ड पोस्ट नहीं किया है। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अमित शर्मा ने भी DFRAC से बात करते हुए वायरल दावे का खंडन किया है और इसे फेक करार दिया है।

वायरल पोस्टकार्ड की जांच में हमने पाया कि इस पर ‘दैनिक जागरण’ का लोगो लगा है। जिसके बाद दैनिक जागरण के सोशल मीडिया हैंडल्स एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक को देखा। हमने पाया कि जीतू पटवारी का ऐसा कोई पोस्टकार्ड यहां पोस्ट नहीं किया गया है, जिसमें जीतू पटवारी द्वारा राम मंदिर में दान किए गए पैसे को वापस मांगे जाने की खबर दी गई हो।

आगे की जानकारी के लिए हमारी टीम ने मध्य प्रदेश के कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा से संपर्क किया। अमित शर्मा ने वायरल दावे का खंडन करते हुए इसे फेक न्यूज करार दिया है। उन्होंने कहा, ‘यह 100% फेक न्यूज है। जीतू पटवारी ने राम मंदिर से दान किए गए पैसे को मांगने का कभी कोई बयान नहीं दिया है।’

वहीं हमारी टीम ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से संपर्क किया। पटवारी ने वायरल दावे को फेक न्यूज करार देते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी ऐसा बयान नहीं दिया है और यह बीजेपी आईटी सेल के द्वारा फेक न्यूज फैलाया जा रहा है, जो लोगों में भ्रम फैलाने के लिए इस तरह की हरकत करते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर में दान करना पुण्य का काम होता है और दान की गई राशि को वापस मांगने जैसा पाप कोई नहीं करता है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का फेक बयान शेयर किया गया है। जीतू पटवारी ने कभी भी राम मंदिर में दान की गई राशि को वापस मांगने का बयान नहीं दिया है। वहीं दैनिक जागरण ने भी जीतू पटवारी के वायरल पोस्टकार्ड को पोस्ट नहीं किया है। इससे स्पष्ट होता है कि सोशल मीडिया यूजर्स का दावा फेक है।