कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोटरलिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि चुनाव आयोग द्वारा वेबसाइट से यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के ई-वोटर रोल्स को हटा दिया गया है।
अंकित मयंक नामक यूजर ने इस दावे के साथ अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा है, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘#VoteChori ब्रेकिंग। चुनाव आयोग ने रातोंरात कई राज्यों की ई-वोटर रोल अपनी वेबसाइट से हटा दी हैं। बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश — सभी हटा दिए गए/त्रुटिपूर्ण। चुनाव आयोग और भाजपा इतने डरे हुए क्यों हैं?’

वहीं इस दावे के साथ कई अन्य यूजर्स ने भी पोस्ट शेयर किया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल दावे की जांच के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/download-eroll पर जाकर महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार के ई-वोटर रोल्स को डाउनलोड करके देखा। हमने पाया कि यहां बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के ई-वोटर रोल्स डाउनलोड हो रहे हैं।

इसके बाद आगे की जांच करने पर हमारी टीम को चुनाव आयोग के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से एक पोस्ट मिला। जिसमें वायरल दावे को फेक करार देते हुए बताया गया है कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर सभी 36 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों के ई-वोटर रोल्स (मतदाता सूची) को डाउनलोड किया जा सकता है।
निष्कर्षः
चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद साफ है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा फेक है। वहीं हमने जांच में पाया कि चुनाव आयोग की वेबसाइट से राज्यों के ई-वोटर रोल्स डाउनलोड हो रहे हैं।

