राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की नाबालिग लड़की के साथ रेप की वीभत्स घटना इन दिनों मीडिया की सुर्खियों में है। इस घटना से लोगों में गुस्सा है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान का अस्पताल में एक बच्ची से मुलाकात का वीडियो जमकर वायरल है। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि चिराग पासवान ने श्रीगंगानगर की रेप पीड़िता से मुलाकात की है।
वायरल वीडियो को शेयर करते हुए Neeraj Sharma नामक यूजर ने लिखा, ‘राजस्थान के श्रीगंगानगर में हुई शर्मनाक घटना पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मासूम बच्ची से मुलाकात की। 32 आरोपियों में से अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है और तीनों होटलों को बुलडोजर से गिरा दिया गया है। राजस्थान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से अनुरोध है कि आरोपियों का फुल एनकाउंटर करना चाहिए। वही सच्चा न्याय होगा उस बच्ची के साथ।’

Jitendra Verma नामक एक अन्य यूजर ने वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘चिराग पासवान है हैवानियत की शिकार 13 वर्षीय मासूम बेटी से मिलने पहुंचे. बेटी ने कहा कि उन लोगों ने मेरे साथ बहुत गलत किया था उन लोगों ने मेरा पापा जी को भी बहुत मारा है. चिराग पासवान ने बच्ची को ढांडस बंधाते हुए कहा कि जिन्होंने ने भी आपके साथ गलत किया है सभी को सजा मिलेगी आप रो मत बेटा अभी तो आप खुद के ठीक होने पर ध्यान दीजिए बाकी मैं अब करवा दूंगा. श्रीगंगानगर का वो ‘काला सच’, जिसने पूरे देश की रूह को कंपा दिया! एक 13 साल की मासूम बच्ची, जो 18 जून को अपने घर से निकली थी, उसे एक रिक्शा चालक (रामबाबू) ने बहला-फुसलाकर होटलों में बेच दिया। अगले 5 दिनों तक उस मासूम के साथ जो हुआ, वह नरक से भी बदतर था। मामले से जुड़ी मुख्य बातें: हैरान करने वाली दरिंदगी: आरोप है कि सिर्फ 5 दिनों के भीतर 30 से ज़्यादा दरिंदों ने उस बच्ची के साथ हैवानियत की। अमानवीय कृत्यः जब बच्ची दर्द से तड़पती थी, तो उसे शांत करने के लिए जबरन शराब पिलाई जाती थी। प्रशासन का कड़ा एक्शनः जनता के भारी आक्रोश और प्रदर्शन के बाद, प्रशासन ने उन 3 होटलों (खुंगर, जॉय इन और सफायर) पर बुलडोजर चला दिया है.जहाँ यह घिनौनी वारदात हुई थी। अब तक की कार्रवाई: पुलिस इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है’

इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी श्रीगंगानगर का बताते हुए शेयर किया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि यह दावा भ्रामक है। चिराग पासवान का वायरल वीडियो श्रीगंगानगर का नहीं है, बल्कि यह बिहार के दरभंगा का है, जहां मारपीट की घटना में घायल बच्ची से चिराग पासवान ने मुलाकात की थी। जांच के लिए सबसे पहले हमारी टीम ने वायरल वीडियो को कीफ्रेम्स में कन्वर्ट किया और फिर फ्रेम्स को अलग-अलग रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो नवभारत टाइम्स के फेसबुक पेज पर 17 फरवरी 2026 को पोस्ट मिला।
इस वीडियो के साथ कैप्शन में जानकारी दी गई है, ‘बिहारः दरभंगा में चिराग पासवान जब अस्पताल में घायल बच्ची से मिलने पहुंचे, तो वह उनसे मिलते ही फूट-फूटकर रो पड़ी। बच्ची ने रोते हुए बताया कि उसके पिता को जबरदस्ती मारा गया और उनका घर तोड़ दिया गया। उसने कहा कि घर में रखा सारा सामान और खाने-पीने की चीजें भी लूट ली गईं। बच्ची की बात सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।’
वहीं, हमारी टीम ने चिराग पासवान के दरभंगा में घायल बच्ची से मुलाकात के संदर्भ में कुछ और कीवर्ड्स सर्च किया। हमें दैनिक भास्कर और न्यूज इंडिया-24 सहित कई अन्य मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें बताया गया है कि चिराग पासवान ने दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के हरीनगर में मजदूरी विवाद की वजह से हुई मारपीट में घायल बच्ची और उसके परिजनों से मुलाकात की। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में बताया गया है कि दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरीनगर गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद जातीय तनाव में बदल गया। मामले में ब्राह्मण समुदाय के लोगों पर पासवान समाज के लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना के बाद चिराग पासवान ने घायलों से DMCH में मुलाकात की और कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, मुट्ठीभर लोग जातीय विभाजन की भावना को बढ़ावा देना चाहते हैं।

इसके अलावा, न्यूज इंडिया-24 की रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘दरभंगा में जब चिराग पासवान अस्पताल पहुंचकर पीड़ित बच्ची से मिलने गए, तो बच्ची ने आहत भाव में अपनी पीड़ा जताई। उसने कहा, “जबरदस्ती पापा को भी मारा है, सब घर तोड़ दिया, सब लूट लिया है सर। खाने-पीने का सब लूट लिया है, हमारे घर बहुत कुछ था।” बच्ची के शब्द परिवार पर हुए विनाश और लूटपाट की गंभीरता को दर्शाते हैं। चिराग पासवान ने बच्ची और उसके परिवार से मुलाकात कर स्थिति को समझने और राहत देने की कोशिश की। यह घटना दरभंगा में हुई घटना की गंभीरता को उजागर करती है और पीड़ितों की मदद की आवश्यकता को सामने लाती है।‘
इस वीडियो के बारे में और ज्यादा जानकारी के लिए हमारी टीम ने स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म दरभंगा समाचार के पत्रकार अकबर से संपर्क किया। अकबर ने चिराग पासवान के वीडियो के बारे में बताया कि यह कुशेश्वरस्थान में हुई घटना की पीड़िता का वीडियो है, जिनसे चिराग पासवान ने मुलाकात की थी।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि चिराग पासवान का वायरल वीडियो फरवरी महीने में बिहार के दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में मारपीट की घटना में घायल बच्ची से मुलाकात का है। जिसे श्रीगंगानगर का बताकर भ्रामक दावा किया गया है।
