Bismillah Ceremony

फैक्ट चेकः छोटी बच्ची के ‘बिस्मिल्लाह रस्म’ का वीडियो निकाह का बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक छोटी बच्ची को एक मौलवी द्वारा कुछ पढ़ाते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मौलवी द्वारा बच्ची का निकाह पढ़ाया जा रहा है। कई यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर कर भड़काऊ कमेंट किए हैं।

इस वीडियो का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए पुष्पराज शर्मा नामक यूजर ने लिखा, ‘यह देखकर रोंगटे खड़े हो जाते है…. एक 6 साल की मासूम बेटी फूलों की माला और शादी के कपड़ों में, एक बड़े आदमी के सामने बैठी हुई निकाह की रस्म में शामिल… यह कोई संस्कृति नहीं यह तो जाहि*”लियत” और जुल्म है जिस बच्ची को अभी खेलने की उम्र है उसे जबरन शादी के नाम पर बर्बाद कर दिया जा रहा है हिंदुस्तान में ऐसे जघन्य रिवाजों पर रोक लगनी चाहिए…..’

लिंक

इसके अलावा इस स्क्रीनशॉट को निकाह के दावे के साथ कई अन्य यूजर्स द्वारा शेयर किया गया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ भ्रामक दावा किया गया है। यह बच्ची के निकाह पढ़ाए जाने का वीडियो नहीं है, बल्कि बिस्मिल्लाह रस्म का वीडियो है। बिस्मिल्लाह रस्म तब अदा की जाती है, जब बच्चे कुरान पढ़ना शुरु करते हैं। वायरल वीडियो में बच्ची के साथ एक शख्स को देखा जा सकता है, जो उसके पिता हैं।

वहीं, हमें बच्ची के बिस्मिल्लाह रस्म के दौरान के कई सारे वीडियो उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट मिले, जिसमें बच्ची के साथ उसकी नानी भी दिखाई देती हैं।

वहीं, हमारी टीम ने इस संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए बच्ची की मां से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह बिस्मिल्लाह रस्म के दौरान का वीडियो है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गलत सूचना पर नाराजगी भी जताई।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर बच्ची के बिस्मिल्लाह रस्म के वीडियो को निकाह पढ़ाए जाने का बताकर भ्रामक दावा किया गया है।