West Bengal

फैक्ट चेकः पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद झड़पों में 19 की मौत और 98 घायल होने का भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों की विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आए। इस बीच सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा और झड़प का बताकर कई वीडियो शेयर किए गए हैं। इन वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि राज्य में चुनाव बाद हुए झड़पों में 19 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 98 लोग घायल हैं।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर 3 वीडियो पोस्ट करते हुए Anushi Tiwari Proud नामक यूजर ने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुई झड़पों में 19 लोगों की मौत हो गई है और 98 लोग घायल हुए हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि पीड़ित TMC कार्यकर्ता हैं और BJP कार्यकर्ता घरों तथा दुकानों पर हमला कर रहे हैं, और उनमें आग लगा रहे हैं। यह सब DG CRPF की देखरेख में हो रहा है।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल दावा गलत है। पुरानी घटनाओं और दूसरे राज्यों के वीडियो को बंगाल चुनाव नतीजों से जोड़कर भ्रामक दावा किया गया है। हमने इन वायरल वीडियो का अलग-अलग फैक्ट चेक किया। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक घर में आग लगी है। जब हमने वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया, तो पाया कि इस वीडियो को 5 मार्च को शेयर करते हुए एक इंस्टाग्राम यूजर ने बंगाली भाषा में कैप्शन लिखकर जानकारी दी है, ‘मध्यमग्राम बाज़ार में मेरे दोस्तों की दुकानें जल गईं।’ (हिन्दी अनुवाद)

वहीं दूसरे वीडियो में एक गली में कुछ युवकों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो की जांच में हमने पाया कि एक इंस्टाग्राम यूजर ने 5 अप्रैल को इसे राजस्थान के जोधपुर का बताते हुए शेयर किया है। यूजर ने बताया है, ‘जोधपुर मामूली विवाद का लिया बदला, 1 दिन पहले गुब्बारा फेंकने की बात को लेकर हुआ था विवाद, आज 5-7 बदमाशों ने मोहल्ले में मचाया आतंक, कई गाड़ियों में की तोड़फोड़, पुलिस ने मामला किया दर्ज, तोड़फोड़ करने वाले लोगों की तलाश में घर पर दी दबिश, नहीं पकड़ में आए आरोपी, प्रतापनगर सदर बाजार का है मामला’

वहीं आगे की जांच में हमें कोलकाता पुलिस का एक पोस्ट मिला। पुलिस ने इन घटनाओं का खंडन करते हुए बताया, ‘चुनाव नतीजों के बाद, सोशल मीडिया पर कई गुमराह करने वाली पोस्ट फैलाई जा रही हैं, जिनमें दूसरी जगहों के वीडियो और तस्वीरों को गलत तरीके से कोलकाता से जोड़ा जा रहा है। कोलकाता पुलिस ऐसी सामग्री पर कड़ी नज़र रख रही है। गलत जानकारी फैलाने वालों और सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कोलकाता में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे बिना पुष्टि वाली पोस्ट पर विश्वास न करें और न ही उन्हें शेयर करें।’ (हिन्दी अनुवाद)

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद झड़पों में 19 लोगों की मौत और 98 लोगों के घायल होने का भ्रामक दावा किया गया है। कोलकाता पुलिस ने इन दावों का खंडन किया है।