फैक्ट चेक: क्या चुनावी जीत के बाद BJP कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में मस्जिद पर हमला किया? जानिए सच

Fact Check Fact Check hi Fake Featured Misleading Misleading Misleading-en

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे पश्चिम बंगाल के कोलकाता का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह BJP कार्यकर्ताओं द्वारा मस्जिद पर हमला है, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।

Source: X

सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर अनुषी तिवारी ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि कोलकाता शहर में एक मस्जिद पर BJP का हमला, इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। #पश्चिम_बंगाल के मुसलमानों ने जवाबी कार्रवाई का ऐलान किया है।

Source: X

इसके अलावा एक अन्य वेरिफाइड यूजर वारिस मसीह ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि #कोलकाता में BJP के लोगों ने मस्जिद पर हमला किया। @KolkataPolice बस ऐसे देख रही है, जैसे कोई फ़िल्मी शो चल रहा हो। बंगाल के लोगों: हर जगह डर और नफ़रत के लिए तैयार हो जाओ। इस जहन्नुम के लिए @ECISVEEP (#mandateChor) को धन्यवाद कहो!

फैक्ट चेक:

Source: India Today

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए DFRAC ने वीडियो के की-फ्रेम निकालकर रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच के दौरान यह वीडियो India Today की एक रिपोर्ट में मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना पश्चिम बंगाल के फलता इलाके की है, जहां चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं सामने आईं। गुस्साए स्थानीय लोगों ने TMC नेता जहांगीर खान के दफ्तर में तोड़फोड़ की। यह विवाद EVM में छेड़छाड़ और चुनावी धांधली के आरोपों के बाद शुरू हुआ था, जिसके चलते चुनाव आयोग को दोबारा मतदान कराने की घोषणा करनी पड़ी।

Source: The Free Press Journal

Source: Aaj Tak

इसी घटना को लेकर The Free Press Journal तथा Aaj Tak की रिपोर्ट में भी बताया गया कि BJP समर्थकों द्वारा TMC नेता के दफ्तर में तोड़फोड़ की गई। हालांकि, दोनों ही रिपोर्ट्स में कहीं भी मस्जिद पर हमले का कोई जिक्र नहीं है।

घटना की पुष्टि के लिए हमने एडवोकेट अशफाक अहमद (कोलकाता निवासी) से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट तौर पर बताया कि इलाके में मस्जिद पर हमले जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

निष्कर्ष:

वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। यह वीडियो मस्जिद पर हमले का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के फलता में एक राजनीतिक दल के दफ्तर में हुई तोड़फोड़ का है।