Uttam Nagar Holi

फैक्ट चेकः कर्नाटक में गणेश उत्सव का पुराना वीडियो दिल्ली के उत्तम नगर का बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गाने पर सड़क पर भगवा झंडा लिए भीड़ नाच रही है। वीडियो में एक मस्जिद को भी देखा जा सकता है। यूजर्स द्वारा इस वीडियो को दिल्ली के उत्तम नगर में 21 मार्च को ईद के दिन हिन्दू समुदाय के लोगों का होली मनाए जाने के दावे के साथ शेयर किया गया है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए Vineeta Singh नामक यूजर ने लिखा, ‘ईद के मौके पर उत्तम नगर का नज़ारा कुछ ऐसा है! उत्तम नगर के हिंदुओं, बहुत बढ़िया!’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

वहीं, इस वीडियो को ईद के दिन दिल्ली के उत्तम नगर में होली मनाए जाने का बताकर कई अन्य यूजर्स द्वारा भी शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह दिल्ली के उत्तम नगर का वीडियो नहीं है, बल्कि कर्नाटक के रायचूर जिले में गणेश उत्सव का पुराना वीडियो। वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो dj_sonu_gulbarga नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 23 सितंबर 2024 को पोस्ट मिला।

लिंक

वायरल वीडियो के कुछ हिस्से को amar_sound_raichur नामक यूजर द्वारा भी 19 सितंबर 2024 को पोस्ट किए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है। इस वीडियो के कैप्शन में ‘गणेश चतुर्थी 2024’ लिखा गया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि यह वीडियो गणेश चतुर्थी उत्सव का है।

लिंक

वायरल वीडियो को गौर से देखने के बाद हमारी टीम ने पाया कि वीडियो में दिख रही मस्जिद पर ‘उस्मानिया मस्जिद’ लिखा हुआ है। इसके बाद हमारी टीम ने गूगल मैप पर रायचूर में उस्मानिया मस्जिद को सर्च किया। हमने पाया कि वायरल वीडियो में दिख रही मस्जिद रायचूर के Teen Khandil रोड पर स्थित है, जिसे यहां दिए गए मैप पर देखा जा सकता है।

आगे की जानकारी के लिए हमारी टीम ने amar_sound_raichur इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिए गए नंबर पर फोन किया। वीडियो को देखने के बाद अमर ने बताया यह वीडियो रायचूर का है। उन्होंने इस वीडियो के दिल्ली के उत्तम नगर का होने से इनकार किया।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो दिल्ली के उत्तम नगर में ईद के दिन होली मनाए जाने का नहीं है। यह वीडियो वर्ष 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है और यह कर्नाटक के रायचूर जिले का है, जिसे कई यूजर्स ने गणेश चतुर्थी उत्सव का बताकर शेयर किया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।