सोशल मीडिया पर किसान नेता राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंके जाने का एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो के साथ दावा है कि बेंलगुरु में एक कार्यक्रम के दौरान किसान नेताओं राकेश टिकैत और युद्धवीर सिंह पर एक शख्स ने काली स्याही फेंक दी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राकेश टिकैत के कपड़ों और चेहरे पर काली स्याही है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए अरुण बाजपेयी राजन नामक यूजर ने लिखा, ‘कर्नाटक में एक किसान कार्यक्रम में किसान नेता राकेश सिंह टिकैत के चेहरे पर एवं कपड़ो पर काली स्याही फेंककर काला किया गया। जिस कांग्रेस के इशारे पर कई वर्षों से नाच रहे थे आज उसी कांग्रेस ने अपनी सरकार के सत्ता के संरक्षण में राकेश टिकैत का मुह काला करवा दिया।’

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक अन्य यूजर योगीआदित्यनाथफैन(डिजिटल योद्धा)गोडसे का भक्त नामक यूजर ने लिखा, ‘अरे यह क्या कर दिया कर्नाटक में तो अभी वर्तमान में कांग्रेस की सरकार है तो क्या कांग्रेस वाले भी इसे गंभीरता से नहीं लेते कर्नाटक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत और किसान नेता युधवीर सिंह पर काली स्याही फेंकी गई अब लोकतंत्र खतरे में नहीं है आएगा’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह हाल-फिलहाल की किसी घटना का वीडियो नहीं है, बल्कि यह मई 2022 में राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंके जाने की घटना का वीडियो है। वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें इस घटना का पूरा वीडियो Live Hindustan के यूट्यूब चैनल पर 30 मई 2022 को पोस्ट मिला। इस वीडियो को शीर्षक दिया गया है, ‘Black Ink Thrown on Rakesh Tikait: किसान नेता राकेश टिकैत पर फेंकी गई स्याही, मचा भारी बवाल’
इस वीडियो के डिस्क्रिप्शन में बताया गया है, ‘किसान नेता राकेश टिकैत पर एक शख्स ने स्याही फेंक दी. वो बेंगलुरु के गांधी भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. पुलिस ने स्याही फेंकने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, गांधी भवन में किसान नेता राकेश टिकैत और युद्धवीर सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. इस बीच एक शख्स ने उन पर काली स्याही फेंक दी. दोनों किसान नेता एक लोकल चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो पर सफाई देने आए थे.’
वहीं आगे की जांच में हमें इस घटना के संदर्भ में न्यूज-18 हिंदी और नवभारत टाइम्स की 30 मई 2022 की रिपोर्ट्स मिलीं। न्यूज-18 हिन्दी की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘किसान नेता राकेश टिकैत और युद्धवीर सिंह पर काली स्याही फेंकी गई। एक स्थानीय न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो पर टिकैत और सिंह बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्पष्टीकरण दे रहे थे, उसी दौरान उन पर काली स्याही फेंकी गई।’ इसके अलावा नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट में उल्लेखित है, ‘कर्नाटक के बेंगलुरु में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत (Bhartiya Kisan Union leader Rakesh Tikait) के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया। सोमवार को बेंगलुरु प्रेस क्लब के गांधी भवन में राकेश टिकैत के ऊपर एक शख्स ने काली स्याही फेंकी दी। इसके बाद मौके पर तीखी नोंकझोक भी हुई। कुछ लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी।’

वहीं हमने इस घटना के संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए खुद किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए हमें बताया कि हाल-फिलहाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह पुरानी घटना का वीडियो है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंके जाने की घटना हाल-फिलहाल की नहीं है। यह घटना वर्ष 2022 की है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

