सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवती को भीड़ द्वारा फांसी पर लटकाया जा रहा है। कई यूजर्स इस वीडियो को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं तो कई यूजर्स इस वीडियो की जगह और घटना को लेकर आलोजना कर रहे हैं।
एक यूजर ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘ये घटना सुनकर हर कोई हैरान रह जाएगा ! पता नहीं किस वजह से इस लड़की को सार्वजनिक रूप से फांसी दी गई। ऐसी स्थिति में महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए आखिर कौन सामने आता है? मुझे नहीं पता यह वीडियो कहाँ का है, लेकिन यह बहुत ही गंभीर और चरम मामला है।’

वहीं इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स ने भी शेयर किया गया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो किसी युवती को फांसी पर लटकाए जाने का नहीं है। यह वीडियो झारखंड के बोकारो जिले के पुंडरू चड़क पूजा के दौरान आलकाप (करतब दिखाने) का है। यहां धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हैरत अंगेज करतब (आलकाप) दिखाए जाते हैं। जांच के दौरान हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि जब युवती को फांसी पर लटकाया जा रहा था, तब वह सामान्य थी और फांसी पर लटका होने के बावजूद भी सामान्य रुप से चश्मा उतारती है फिर हाथ नीचे करती है, जो यह स्पष्ट करता है कि वीडियो किसी को जबरदस्ती फांसी चढ़ाए जाने का नहीं है।

इसके बाद वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो एक इंस्टाग्राम यूजर mahatochinivas द्वारा पोस्ट मिला। इस पोस्ट में उसने युवती को अपनी भांजी बताया है, साथ ही यह जानकारी भी दी है कि यह वीडियो पुंडरू मेला का है।

आगे की जांच के लिए हमने पुंडरू मेला के बारे में गूगल पर सर्च किया। हमने पाया कि झारखंड के बोकारो जिले के चास प्रखंड के पुंडरू गांव में भोगता पर्व (चड़क पूजा) मनाई जाती है। इस पूजा के दौरान मान्यताओं के तहत आलकाप कार्यक्रम का भव्य आयोजन होता है, जिसमें शिव भक्त अद्भुत और रोमांचकारी करतब दिखाते हैं। यह वीडियो भी उसी करतब का हिस्सा है। हमने गूगल मैप पर उसी शिव मंदिर को ढूंढा, जो वायरल वीडियो में दिख रहा है।

पुंडरू शिव मंदिर को गूगल मैप पर यहां देखा जा सकता है।
इसके अलावा कई अन्य इंस्टाग्राम यूजर्स ने भी पुंडरू चड़क पूजा के दौरान एक युवक को फांसी पर लटकाए जाने के करतब का वीडियो शेयर किया है, जो यह स्पष्ट करता है कि वहां पर किसी को फांसी पर लटकाया नहीं गया था, बल्कि यह पूजा के दौरान आलकाप यानी करतब का वीडियो है।

हमने इस संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए चास के चंदनकियारी थाने से भी संपर्क किया। पुलिस ने बताया कि उन्हें चड़क पूजा के दौरान किसी युवती को फांसी पर लटकाए जाने की घटना की सूचना नहीं है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो किसी युवती को सच में फांसी पर लटकाए जाने की घटना का नहीं है। यह झारखंड के बोकारो जिले के पुंडरू गांव में चड़क पूजा के दौरान करतब दिखाए जाने का वीडियो है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

