
सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम के बयान का एक क्वोटकार्ड जमकर वायरल हो रहा है। इस क्वोटकार्ड में टेक्स्ट लिखा है, ‘बीजेपी एक चू@यों की फ़ौज है। ये लोग पहलगाम पर कुछ नहीं कर पाएंगे।’ इस क्वोटकार्ड को शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने लिखा, ‘बड़ा देर से पहचाना….. निगम साहब’

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने सोनू निगम का ऐसा ही क्वोटकार्ड शेयर किया है, हालांकि इस क्वोटकार्ड में न्यूज चैनल ‘आज तक’ का लोगो लगा है। चिराग पटेल नामक यूजर ने शेयर कर लिखा, ‘बीजेपी चू@यों की फौज है। ये लोग पहलगाम पर कुछ नहीं कर पाएंगे। सोनू निगम का विवादित बयान।’

वहीं कई अन्य यूजर्स ने भी इस क्वोटकार्ड को शेयर किया है, जिसे यहां, यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल क्वोटकार्ड की जांच के लिए सबसे पहले ‘आज तक’ के सोशल मीडिया हैंडल्स को देखा। हमें चैनल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोनू निगम का एक क्वोटकार्ड मिला, लेकिन उसमें वह टेक्स्ट नहीं, जो वायरल क्वोटकार्ड में लिखा गया है। आज तक के ओरिजिनल क्वोटकार्ड में टेक्स्ट लिखा है, ‘ये बवासीर बन जाता है। एफआईआर दर्ज होने के बाद सोनू निगम का पोस्ट’

दरअसल ये पूरा विवाद सोनू निगम के बेंगलुरु में 25-26 अप्रैल को हुए म्यूजिक कॉन्सर्ट का है, जहां सोनू निगम पर कन्नड़ भाषा के प्रति प्रेम की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से कर अपमान किए जाने का आरोप लगा है। सोनू निगम के मुताबिक, ‘कन्नड़ कन्नड़ कन्नड़’ प्यार से कहना अलग होता है और धमकाना अलग होता है। पहला गाना गाने के बाद ही ऑडियंस के 4-5 लड़के उन्हें धमकाने लगे थे कि वो कन्नड़ भाषा में गाना गाएं। हर शहर में ऐसे 4-5 लोग होते हैं, जिन्हें पहली ही बार में बताना जरूरी होता है कि वो आपको बुली नहीं कर सकते, वरना ये लोग बवासीर बन जाते हैं। कन्नड़ लोग बहुत अच्छे होते हैं और उन्हें गलत न समझा जाए।’
न्यूज 18 इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री मशहूर सिंगर सोनू निगम के विरोध में एकजुट हो गया है, क्योंकि उन्होंने कन्नड़ लोगों के अपनी भाषा के प्रति प्रेम की तुलना पहलगाम हमलों से की थी। इसके बाद सिंगर के खिलाफ पुलिस में मामला भी दर्ज कराया गया और अब राज्य के लोग उनके खिलाफ एकजुट हो चुके हैं।’

वहीं हमने गूगल पर सोनू निगम का पहलगाम हमले पर बीजेपी को गाली देने के बारे में कुछ कीवर्ड्स सर्च किया, लेकिन हमें यहां ऐसी कोई न्यूज नहीं मिली।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोनू निगम का वायरल क्वोटकार्ड फेक है। सोनू निमग ने पहलगाम हमले को लेकर बीजेपी को गाली नहीं दी है। इसलिए सोशल मीडिया यूजर्स का दावा गलत है।