फैक्ट चेक: राहुल गांधी के आधे-अधूरे वीडियो को शेयर कर संबित पात्रा ने किया गलत दावा

Fact Check hi Fake Featured Misleading

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस जी तोड़ मेहनत कर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पंजाब में चुनावी अभियान का आगाज किया। उन्होंने गुरुवार को जालंधर में वर्चुअल रैली में भाग लिया।

इस दौरान राहुल गांधी ने अमृतसर का दौरा किया। यहां उन्होंने हरमंदिर साहिब में मत्था टेका। इसके बाद राहुल गांधी ने लंगर भी खाया। राहुल गांधी के साथ पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू सहित तमाम कार्यकर्ता रहे।

वहीं राहुल गांधी के एक वीडियो को शेयर करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी का मजाक उड़ाया है। दरअसल यह वीडियो हरमंदिर साहिब में राहुल गांधी के लंगर खाने के समय का है। न्यूज़ एजेंसी ANI द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो में राहुल गांधी मास्क पहने हुए दिख रहे हैं।

संबित पात्रा ने ट्वीट किया- “मास्क पहन कर लंगर? ये तो आठवां अजूबा ही हो सकता है!”

फैक्ट चेक

संबित पात्रा द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो और उसके दावे की सत्यता की जांच की गई। जांच में पाया गया कि इस वीडियो को न्यूज़ एजेंसी एएनआई द्वारा पोस्ट किया गया था। हालांकि जिस वक्त वीडियो पोस्ट किया गया उस वक्त राहुल गांधी लंगर खा चुके थे।

राहुल गांधी के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट द्वारा एक वीडियो पोस्ट किया गया है। जिसमें राहुल गांधी को लंगर खाते साफ देखा जा सकता है।

वही लंगर खाने का फोटो दैनिक भास्कर के वेब पोर्टल पर भी पब्लिश किया गया है। जिसे कैप्शन दिया गया है- “श्री दरबार साहिब में CM चरणजीत चन्नी के साथ लंगर छकते राहुल गांधी”।

Article of Dainik Bhaskar

 

विकिपीडिया के पेज के मुताबिक हरमंदिर साहिब को ही श्री दरबार साहिब या गोल्डन टेंपल कहते हैं।

निष्कर्ष- बीजेपी नेता संबित पात्रा द्वारा राहुल गांधी के मास्क पहनकर लंगर खाने का दावा भ्रामक है। राहुल गांधी ने लंगर खाने से पहले मास्क पहना था और लंगर खाने के तुरंत बाद ही मास्क पहन लिया था। लेकिन संबित पात्रा ने राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए वीडियो को शेयर कर दिया।