सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला के बाल काटते और उसके साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के हवाले से दावा किया जा रहा है कि भारत घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार किया गया। साथ ही, उसके बाल भी काट दिए गए।

Source: X
सोशल साइट X (पूर्व ट्विटर) पर यूजर The Hunter ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि “खबरों के अनुसार, #भारत में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ बलात्कार और छेड़छाड़ की गई, और उसके बाल काट दिए गए। यह घटना पर्यटकों और स्थानीय मुस्लिम महिलाओं, दोनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है।”

Source: X
वहीं एक अन्य वेरिफाइड यूजर Sami Voice ने वायरल वीडियो के हवाले से लिखा कि “खबरों के अनुसार, एक महिला पर्यटक को भारतीय सेना ने बाल काटने के लिए मजबूर किया और फिर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया… और देखें”

Source: X
इसके अलावा एक अन्य यूजर News 26 national ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि “भारत घूमने आई विदेशी महिला के साथ आखिर ऐसी दरिंदगी क्यों हुई… कथित दुष्कर्म के बाद उसके बाल तक काट दिए गए आखिर महिलाओं की सुरक्षा पर कब तक सवाल उठते रहेंगे..”
फैक्ट चेक:

Source: Instagram
वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे दावे की पड़ताल के लिए DFRAC ने वीडियो के की-फ्रेम निकालकर उनका रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान हमें इंस्टाग्राम पर इसी घटना से संबंधित एक वीडियो मिला। 23 सितंबर 2026 को maskara_news नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो के साथ बताया गया कि उज्बेकिस्तान में एक महिला ने दूसरी महिला पर हमला कर दिया। उसे शक था कि दूसरी महिला उसके पति की प्रेमिका है। इस दौरान उसने कथित तौर पर कैंची से महिला के बाल काट दिए और उसके साथ मारपीट की। पोस्ट में यह भी बताया गया कि घटना की सटीक जगह और पुलिस या प्रशासन की कार्रवाई के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Source: TRHaber
आगे की जांच में हमें तुर्किए की न्यूज वेबसाइट TRHaber की एक रिपोर्ट मिली। 16 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट भी इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो पहले इस्तांबुल के अर्नवुतकोय जिले में हुई मारपीट की घटना बताकर शेयर किया गया था। हालांकि, इस्तांबुल पुलिस विभाग की जांच में सामने आया कि यह वीडियो वास्तव में उज्बेकिस्तान में रिकॉर्ड किया गया था।

Source: Ozgeris.info
इसके अलावा, हमें कजाखस्तान की न्यूज वेबसाइट Ozgeris.info पर भी इस घटना से संबंधित एक रिपोर्ट मिली। 24 सितंबर 2026 को प्रकाशित इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, उज्बेकिस्तान में एक महिला ने अपने पति की कथित प्रेमिका होने के शक में दूसरी महिला के साथ मारपीट की और कैंची से उसके बाल काट दिए। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि घटना की सटीक जगह और पुलिस या प्रशासन की कार्रवाई के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं है।
निष्कर्ष:
DFRAC के फैक्ट चेक से स्पष्ट होता है कि भारत घूमने आई विदेशी महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म और उसके बाल काटे जाने के नाम पर वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है।
| Claim Review | फैक्ट चेक: क्या भारत घूमने आई विदेशी महिला पर्यटक के साथ हुई ज्यादती, काटे गए बाल? |
| Claim By | सोशल मीडिया यूज़र्स |
| Fact Check | भ्रामक दावा |
Sources:
- Instagram Post
- News Report of TRHaber
- News Report Of Ozgeris.info
