Mallikarjun Kharge

फैक्ट चेकः एडिटेड तस्वीर के साथ राहुल-प्रियंका के नाश्ते की टेबल पर खड़गे को नहीं बैठाने का भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

नई दिल्ली में पिछले दिनों आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ उनका एक डेलीगेशन भी भारत पहुंचा था। इस दौरान अनवर इब्राहिम ने लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इसी मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की गई है। इस तस्वीर में सभी नेताओं को नाश्ते की टेबल पर चर्चा करते देखा जा सकता है। वहीं टेबल से थोड़ी दूर पर सोफे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी बैठे देखा जा सकता है।

इस तस्वीर को शेयर करते हुए अमात्य राक्षस नामक यूजर ने लिखा, ‘आदरणीय खड़गे जी को काग़ज़ की प्लेट भी नहीं मिली, दुखद’

लिंक

Hariom Gupta सशक्त भारत (मोदीजी का परिवार) नामक एक यूजर ने इस तस्वीर को इस दावे के साथ शेयर किया कि दलित नेता खड़गे के लिए राहुल गांधी के नाश्ते की टेबल पर जगह नहीं है। इस यूजर ने लिखा, ‘मल्लिकार्जुन खड़गे को ढूंढिए फोटो में. दिन-रात दलित-दलित चिल्लाने वाले राहुल गांधी के नाश्ते की टेबल पर दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए जगह ही नहीं है। वैसे गांधी खानदान ही इन तथाकथित #दलितों को उनकी औकात में रखता है. और बाहर आकर #राहुलगांधी दलित दलित चिल्लाता है..’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल तस्वीर की जांच में पाया कि यह डिजिटली अल्टर्ड फोटो है और इसके साथ किया गया दावा भ्रामक है। ओरिजिनल तस्वीर में वहां पर मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद नहीं थे। वहीं, DFRAC की टीम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय के कम्युनिकेशन इंचार्ज प्रणव झा से संपर्क किया। प्रणव झा ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि वायरल तस्वीर फोटोशॉप्ड है।

हमारी टीम ने वायरल तस्वीर की जांच के लिए इसे गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यही तस्वीर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल पर 13 सितंबर को पोस्ट मिली, जिसके साथ जानकारी दी गई है, ‘विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी के साथ, नई दिल्ली में मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम अनवर इब्राहिम से नाश्ते पर मुलाकात की।’

हमने पाया कि ओरिजिनल तस्वीर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं। जिससे यह स्पष्ट होता है कि ओरिजिनल तस्वीर को एडिट करके उसमें मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर जोड़ी गई है। जिसे यहां दिए गए ग्राफिक्स में देखा जा सकता है।

वहीं आगे की जांच में हमने पाया कि ओरिजिनल तस्वीर के साथ आज तक, हिन्दुस्तान और द इकोनॉमिक्स टाइम्स की मीडिया रिपोर्ट्स भी हैं। इन रिपोर्ट्स में देखा जा सकता है कि तस्वीर में खड़गे नहीं हैं। आज तक की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो’ सेरी अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई।’

द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट में उल्लेखित है, ‘मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ नाश्ते पर मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अनवर 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में हैं; भारत 12 और 13 सितंबर को इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। मलेशिया, ब्रिक्स के विस्तार के बाद इसमें शामिल हुए सहयोगी देशों में से एक है।’ हिन्दुस्तान की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से रविवार को मुलाकात की। दोनों नेताओं ने नाश्ते पर हुई इस मुलाकात के दौरान भारत-मलेशिया संबंधों को लेकर चर्चा की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद रहीं।’

DFRAC की टीम ने इस संदर्भ में ज्यादा जानकारी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय के कम्युनिकेशन इंचार्ज प्रणव झा से संपर्क किया। प्रणव झा ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि वायरल तस्वीर फोटोशॉप्ड है। खड़गे जी बेंगलुरु में थे।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीर डिजिटली अल्टर्ड है। यह दावा भी भ्रामक है कि राहुल गांधी-प्रियंका गांधी का मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम के नाश्ते की टेबल से मल्लिकार्जुन खड़गे को दूर रखा गया। ओरिजिनल तस्वीर में देखा जा सकता है कि वहां पर खड़गे मौजूद नहीं थे।

Claim ReviewMallikarjun Kharge was not seated at Rahul Gandhi’s breakfast table.
Claimed ByX Users
Fact CheckMisleading

Our Sources:

  1. Pranav Jha, in-charge communication, congress president’s office statement to DFRAC
  2. X Post by Cogress
  3. X Post By Aaj Tak
  4. News Coverage of Hindustan
  5. News Coverage of The Economic Times