Mukesh Kumar

फ़ैक्ट चेक: वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार के आधे-अधूरे वीडियो को भारत-पाक संदर्भ में भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से शेयर किया जा रहा है, जिसके साथ दावा किया गया है कि भारत अब पाकिस्तान पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा। इस वीडियो में वरिष्ठ पत्रकार डॉ.मुकेश कुमार को रक्षा विशेषज्ञ प्रवीण साहनी के साथ चर्चा करते देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो में मुकेश कुमार कहते हैं, ‘अब भारत, पाकिस्तान पर हमला नहीं कर सकता है, क्योंकि चीन और अमेरिका के साथ उसके ऐसे संबंध हो गए कि अब संभव नहीं है। क्या आपको लगता है कि ये पैक्ट होने के बाद वो जो कंडीशन है, वो और भी ज्यादा कंसोलिडेट हो गई। अब और भी कठिन हो गई।’ इस वीडियो को शेयर करते हुए एक पाकिस्तानी यूजर ने लिखा, ‘भारत कभी भी दोबारा पाकिस्तान पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा — यह एक ऐसी सच्चाई है जिसे हर भारतीय को समझना चाहिए। एक भारतीय सुरक्षा विशेषज्ञ का कहना है कि पिछले एक साल में पाकिस्तान के रक्षा समझौतों और कूटनीतिक सफलताओं के कारण ऐसा है।’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की जांच में यह दावा गलत पाया गया। हमने पाया कि वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार के आधे-अधूरे बयान को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है। ओरिजिनल वीडियो में वह रक्षा विशेषज्ञ प्रवीण साहनी से सवाल करते हैं। वहीं, DFRAC से बात करते हुए मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने प्रवीण साहनी से पिछली बातचीत के हवाले से सवाल पूछा था।

हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स का इस्तेमाल करके रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें ‘सत्य हिंदी’ के YouTube चैनल पर 11 अगस्त 2026 को पब्लिश एक वीडियो मिला। ओरिजिनल वीडियो का टाइटल है “Mecca Pact Explained: Pakistan, Turkey & Saudi Deal! A Big Blow to India? Pravin Sawhney”। इसमें होस्ट प्रोफ़ेसर मुकेश कुमार और रक्षा विशेषज्ञ प्रवीण साहनी के बीच बातचीत दिखाई गई है। यह बातचीत पाकिस्तान, तुर्की और सऊदी अरब के बीच हुए कथित मक्का रक्षा समझौते के भू-राजनीतिक महत्व, साथ ही पश्चिम एशिया और भारत की विदेश नीति पर इसके संभावित असर पर केंद्रित है।

इस वीडियो के टाइमस्टैंप 31:45 मिनट पर देखा जा सकता है कि मुकेश कुमार ने प्रवीण साहनी के साथ पिछली बातचीत का हवाला देते हुए सवाल किया है। जबकि वायरल वीडियो में सवाल का हिस्सा गायब करके इस तरह दिखाया गया कि मुकेश कुमार ने पाकिस्तान को लेकर यह बयान दिया है। ओरिजिनल वीडियो में मुकेश कुमार सवाल करते हैं, ‘ जो पिछली बातचीत हुई थी हमारी, उसमें आपने कहा था कि अब भारत, पाकिस्तान पर हमला नहीं कर सकता है, क्योंकि चीन और अमेरिका के साथ उसके ऐसे संबंध हो गए कि अब संभव नहीं है। क्या आपको लगता है कि ये पैक्ट होने के बाद वो जो कंडीशन है, वो और भी ज्यादा कंसोलिडेट हो गई। अब और भी कठिन हो गई।’ मुकेश कुमार के सवालों के जवाब में प्रवीण साहनी स्पष्टीकरण देते हैं, ‘देखिए मुझे नहीं लगता है मैंने ये अल्फाज करे होंगे। मैंने ये कहा होगा कि हिन्दुस्तान को हमला नहीं करना चाहिए। ये मैंने कहा होगा और पक्का होगा।’

वहीं, मुकेश कुमार ने DFRAC से बात करते हुए बताया, ‘मैंने प्रवीण साहनी से पिछली बातचीत के हवाले से सवाल पूछा था, जिसके वीडियो अभी भी सत्य हिन्दी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हैं।’ मुकेश कुमार के बयान से स्पष्ट है कि उनके बयान को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा गलत है। मुकेश कुमार का आधा-अधूरा वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है।

Claim ReviewAn Indian expert said that India would no longer dare to attack Pakistan.
Claimed ByX User
Fact CheckMisleading

Our Sources:

  1. Video Uploaded by Satya Hindi on August 11, 2026
  2. Dr. Mukesh Kumar statement to DFRAC