Pankaj Saini

फैक्ट चेकः कुरुक्षेत्र में पुजारी पर हमले के आरोपी पंकज को गफ्फार अली बताकर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक शख्स को एक बुजुर्ग व्यक्ति को सड़क पर घसीटते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को पोस्ट करने वाले सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो हरियाणा के कुरुक्षेत्र का है, जहां गफ्फार अली नामक दरगाह के सेवक ने एक मंदिर के पुजारी योगीराज की सिर्फ इसलिए बेरहमी से पिटाई कर दी, क्योंकि मंदिर की वजह से दरगाह पर श्रद्धालु नहीं आ रहे थे।

इस वीडियो को शेयर करते हुए Deepak Sharma नामक यूजर ने लिखा, ‘ये दरिंदा बचना नहीं चाहिए.. गिरफ़्तारी तक़ रीपोस्ट करो हिन्दुओं. मंदिर के पुजारी को घसीटता गफ्फार अली.. हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दरगाह के मुल्ले ने नजदीकी मंदिर के पुजारी की टांगे तोड़कर उसके गले में फंदा डाला और घसीट ले गया.. क्यूंकि मंदिर की वजह से दरगाह पर लोग नहीं आ रहे थे…’

लिंक

वायरल वीडियो को शेयर करते हुए Mr Tiwaree नामक यूजर ने अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘इस दरिंदे को बख्शा नहीं जाना चाहिए… गिरफ्तारी होने तक इसे रीपोस्ट करें, हिंदुओं… हरियाणा के कुरुक्षेत्र में, दरगाह के मुल्ला गफ्फार अली ने मंदिर के पुजारी के पैर तोड़ दिए, उनके गले में फंदा डाला और उन्हें जानवर की तरह घसीटा… सिर्फ़ इसलिए क्योंकि मंदिर की वजह से उसकी दरगाह पर जाने वाली भीड़ रुक रही थी… हिंदू जाग जाओ… यह राक्षस फांसी के लायक है…’

लिंक

SanataniRiddhi नामक यूजर ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंदिर की वजह से दरगाह पर लोग नहीं आ रहे थे तो बुल्ले ग़फ़्फ़ार अली ने मंदिर के पुजारी को बहुत मारा इतना मारा की पैर तोड़ डाले फिर गले में फंदा डालकर घसीटता हुआ बाहर लेकर आया। मैं पहले भी बोली थी यह लोग सड़ी हुई मानसिकता वाले असुर है इनका इलाज होना जरूरी है अब। ज़ुबैर,आरफ़ा ताई सारे लेफ़्टिस्ट भां# इस हरकत पर चुप है क्यो रे दोगलो जुनैद की बिरयानी खाने में व्यस्थ हो क्या? हिंदुओं इस भां# की गिरफ्तारी तक repost नहीं रुकना चाहिए।’

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी इस वीडियो को गफ्फार अली का मंदिर के पुजारी पर हमले का बताकर शेयर किया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि कुरुक्षेत्र में पुजारी योगीराज पर हमले का आरोपी गफ्फार अली नहीं है। पुलिस ने पुजारी पर हमले के आरोपी पंकज सैनी को गिरफ्तार किया है। DFRAC को कुरुक्षेत्र के थानेसर-सदर थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि पीड़ित पुजारी और आरोपी दोनों हिन्दू हैं। आरोपी पंकज सैनी S/o जोगिंदर सैनी है।

हमारी टीम ने जांच के लिए वायरल वीडियो को सबसे पहले की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया, फिर रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें इस घटना के संदर्भ में अमर उजाला, रिपब्लिक वर्ल्ड और दैनिक भास्कर सहित कई रिपोर्ट्स मिलीं। अमर उजाला की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘गांव अढ़ोनी में 80 वर्षीय पुजारी योगीराज को गांव के ही पंकज नामक व्यक्ति ने शिवनाथ मंदिर के पास बुरी तरह पीटा। आरोपी ने लाठी से मारकर पुजारी को अधमरा किया और उनके गले में कपड़ा डालकर घसीटते हुए चौराहे पर फेंक दिया। घटना वीरवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।’

वहीं रिपब्लिक वर्ल्ड की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘मुख्य आरोपी पंकज, इंदर नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ मंदिर पहुंचा। शुरू में हुई कहा-सुनी जल्द ही हिंसक रूप ले गई। पंकज ने कथित तौर पर बुजुर्ग पुजारी को गाली दी और फिर लाठी मंगवाकर उन पर बार-बार हमला किया। हमला इतना गंभीर था कि पुजारी का एक पैर कथित तौर पर टूट गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने योगीराज के गले में कपड़ा लपेटकर उसे पूरे गांव में घसीटा और फिर पास के एक चौराहे पर फेंक दिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। घायल पुजारी लगभग दो घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे देखा। ग्रामीणों ने सबसे पहले मंदिर के पास खून के धब्बे देखे और खून के निशान का पीछा करते हुए बेहोश पुजारी तक पहुंचे। उन्हें तुरंत लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।’

वहीं दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में बताया गया है कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और दरगाह में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम होने से पंकज सैनी नाराज था और उसने पुजारी योगीराज की पिटाई कर दी।

इस मामले पर और ज्यादा जानकारी के लिए DFRAC की टीम ने कुरुक्षेत्र के थानेसर-सदर पुलिस थाने के प्रभारी रणधीर सिंह से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि पीड़ित पुजारी और आरोपी दोनों हिन्दू हैं। आरोपी पंकज सैनी S/o जोगिंदर सैनी है। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई भी सांप्रदायिक विवाद का मामला नहीं है और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि कुरुक्षेत्र के अढ़ोनी गांव में शिवनाथ मंदिर के पुजारी योगीराज पर हमले का आरोपी पंकज सैनी है, जिसे गफ्फार अली बताकर भ्रामक दावा किया गया है। पुलिस ने इस घटना के आरोपी पंकज सैनी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। इसलिए यूजर्स द्वारा किया जा रहा दावा भ्रामक है।