सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल है। इस वीडियो में कुछ हथियारबंद लोगों को एक स्कूल के प्रांगण में इधर-उधर भागते हुए देखा जा सकता है। इस बीच फायरिंग की भी कई आवाजें आती हैं। यूजर्स इस वीडियो को पटना हाई स्कूल में फायरिंग की घटना बताकर बिहार के कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
bihar_youth_congress नामक इंस्टाग्राम हैंडल ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, ‘सरकार से सवाल पूछने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी जाती है और इधर प्रदेश की राजधानी पटना के एक स्कूल में दिनदहाड़े गोलीबारी हो जाती है। बिहार में सरकार भले ही बदल गई हो, लेकिन कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल अब भी कायम हैं।’

एक्स (पूर्व ट्विटर) पर MUKESH YADAV नामक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘आई ना हमरा बिहार में-जहाँ दिन-दहाड़े स्कूल में सत्ता संरक्षित के गुंडे हथियार लेकर घुस जाते हैं और फायरिंग करते हैं…! अब तो बिहार में स्कूल भी सुरक्षित नहीं है तो बच्चों की सुरक्षा कौन करेगा।’

इसके अलावा इंस्टाग्राम और एक्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को पटना हाई स्कूल में फायरिंग की घटना का बताकर शेयर किया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह वीडियो पटना के गर्दनीबाग हाई स्कूल में हथियारबंद लोगों की फायरिंग करने की किसी अपराधिक घटना का वीडियो नहीं है। यह एक फिल्म की शूटिंग के दौरान का वीडियो है। जांच के दौरान हमें यही वीडियो एक फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट मिला, जिसके साथ इसे फिल्म की शूटिंग का बताया गया है। Jitendra Mohan Pintu Raj नामक यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘आज पटना हाई स्कूल गर्दनीबाग में एक फिल्म शूटिंग जो वेब सीरीज कहा जाता है वह शूटिंग चल रहा था’

यूट्यूब पर भी एक यूजर ने इसी से जुड़ी एक अन्य वीडियो को शेयर करते हुए बताया है कि गर्दनीबाग हाई स्कूल पटना में भोजपुरी फिल्म सम्राट की शूटिंग हुई।
आगे की जांच में हमें पटना पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से एक पोस्ट मिला, जिसमें वायरल वीडियो को पटना के गर्दनीबाग हाई स्कूल में फिल्म की शूटिंग का बताया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के संदर्भ में बताया है, ‘सोशल_मीडिया पर वायरल किए जा रहे वीडियो/फोटो ( पटना हाई स्कूल गर्दनीबाग ) के संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि यह एक फिल्म की अधिकृत शूटिंग का हिस्सा है, जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा पूर्व में विधिवत अनुमति प्रदान की गई थी। उक्त वीडियो/फोटो को #भ्रामक तथ्यों के साथ #प्रसारित किया जा रहा है, जिससे आमजन के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। आमजन से अनुरोध है कि ऐसी भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। भ्रामक एवं असत्य सूचना प्रसारित कर अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।’
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो पटना हाई स्कूल में फायरिंग की घटना का नहीं है। यह वीडियो एक फिल्म की शूटिंग का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।
