फैक्ट चेक: मुहर्रम के जुलूस में व्यक्ति को ज़िंदा जलाने का दावा भ्रामक, वीडियो देवरिया में हुए हादसे का है

Fact Check Fact Check hi Fake Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को भारत में मुहर्रम के जुलूस से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि “मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को ज़िंदा जला दिया गया।” इस दावे के आधार पर कई सोशल मीडिया यूजर सांप्रदायिक टिप्पणियों के साथ वीडियो शेयर कर रहे हैं।

Source: X

सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर हिंदुत्व विजिलेंट ने वायरल  वीडियो को शेयर कर लिखा कि “भारत में मुसलमान मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक आदमी को ज़िंदा जला रहे हैं”

Source: X

इसके अलावा एक अन्य वेरिफाइड यूजर द अल्टरनेटिव मीडिया ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि “ऑनलाइन वायरल हो रहे एक वीडियो में कथित तौर पर मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को आग के हवाले करते हुए दिखाया गया है। एक अन्य वीडियो में मुस्लिम समुदाय के लोग AK-47 जैसे हथियार लिए हुए दिखाई दे रहे हैं।”

Source: X

Source: X

Source: X

Source: X

इसके अलावा कई अन्य यूजर ने भी वायरल वीडियो को ऐसे ही मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

फैक्ट चेक:

Source: Youtube

वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की जांच के लिए DFRAC ने वीडियो को कीफ्रेम में कन्वर्ट कर रिवर्स सर्च किया। इइस दौरान हमें यूट्यूब पर प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट में यही वीडियो मिला। 27 जून 2026 को पब्लिश देन काशी रिपोर्ट के अनुसार, “वायरल वीडियो उत्तरप्रदेश के देवरिया का है। जहां घटना शुक्रवार दोपहर सवा बारह बजे की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत के मालवीय रोड पर मुहर्रम के सभी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकाल रहे थे। इसी दौरान 5 स्टार क्लब अखाड़ा का खिलाड़ी सद्दाम पुत्र सहरयार खान निवासी बांस देवरिया करतब का प्रदर्शन कर रहा था। करतब के दौरान अचानक वह झुलस गया। वहीं मौके पर अखाड़ा के अन्य सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस के मुताबिक युवक की हालत सामान्य है और किसी अन्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। घटना के बाद भी मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्वक ढंग से जारी रहा।”

Source: Public App

इसके अलावा घटना के संबंध में हमें न्यूज़ एप्प “पब्लिक” पर भी न्यूज़ रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार “देवरिया: मुहर्रम जुलूस में करतब दिखाने के दौरान युवक झुलसा, हालत सामान्य देवरिया शहर के मालवीय रोड पर शुक्रवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक करतब दिखाते समय झुलस गया। घटना दोपहर करीब 12:15 बजे की है। पुलिस के अनुसार, 5 स्टार क्लब अखाड़ा का खिलाड़ी सद्दाम (24 वर्ष) पुत्र सहरयान खान, निवासी बांस देवरिया करतब का प्रदर्शन कर रहा था। इसी दौरान वह झुलस गया। मौके पर मौजूद अखाड़ा के सदस्यों ने तुरंत उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने बताया कि युवक की स्थिति सामान्य है और किसी अन्य प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई मुहर्रम के सभी जुलूस शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराए जा रहे हैं।”

Source: Dainik Bhaskar

इसके अलावा हमें घटना के संबंध में दैनिक भास्कर की रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट में घटना से जुड़ा वीडियो भी देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार “देवरिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान करतब दिखाते समय एक युवक आग की चपेट में आकर झुलस गया। यह घटना शुक्रवार दोपहर तीन बजे जिला मुख्यालय के मालवीय रोड पर हुई। युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।सदर कोतवाली क्षेत्र के बांस देवरिया निवासी सद्दाम खान (पुत्र शहरयार खान) फाइव स्टार क्लब की ओर से ताजिया जुलूस में शामिल थे। वह एक लोहे के ड्रम में बैठकर करतब दिखा रहे थे, तभी ड्रम में लगी आग अचानक उनके कपड़ों तक पहुंच गई और वह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अखाड़े के साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। सद्दाम खान को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अब सामान्य और खतरे से बाहर है। क्षेत्राधिकारी नगर संजय रेड्डी ने बताया कि मालवीय रोड पर मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। इसी दौरान फाइव स्टार क्लब का खिलाड़ी सद्दाम खान करतब दिखाते समय झुलस गया। अखाड़े के सदस्यों ने तत्काल उसे बचाकर प्राथमिक उपचार कराया। उन्होंने पुष्टि की कि युवक की स्थिति सामान्य है और कोई अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई।”

Source: X

जांच के दौरान आगे हमें वायरल वीडियो के संबंध में सोशल साइट X (पूर्व ट्विटर) पर देवरिया पुलिस के आधिकारिक हैंडल से घटना के संबंध में एक पोस्ट मिला। जिसमे बताया गया कि “थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत मालवीय रोड पर अखाड़ा 5-स्टार क्लब का एक खिलाड़ी करतब दिखाने के दौरान झुलस गया, जिसे अखाड़े के लोगों द्वारा तत्परता से बचा लिया गया और प्राथमिक उपचार कराया गया, स्थिति सामान्य है। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है ।”

निष्कर्ष:

DFRAC के फैक्ट चेक से स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। वीडियो में मुहर्रम के जुलूस के दौरान किसी व्यक्ति को जानबूझकर ज़िंदा जलाए जाने की घटना नहीं दिखाई गई है। दरअसल, यह उत्तर प्रदेश के देवरिया में करतब दिखाने के दौरान हुए एक आकस्मिक हादसे का वीडियो है, जिसमें खिलाड़ी झुलस गया था।