सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ एक युवक द्वारा मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का बताया जा रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि एक पिता को उसके बेटे ने इसलिए पीटा क्योंकि उसने कथित तौर पर अपनी बहू के साथ “गंदी हरकत” की थी। कुछ पोस्ट्स में इस वीडियो को धर्म विशेष से जोड़कर भी प्रसारित किया गया है।

Source: X
सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर मयंक उपाध्याय ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि असभ्य शब्दों का इस्तेमाल कर एक धर्म विशेष को बनाया।

Source: X
वहीं एक अन्य वेरिफाइड यूजर रंजना सिंह ने वायरल वीडियो के हवाले से लिखा कि “बताओ चिचा कुटे जा रहे हैं जरूर नेक काम किया होगा इन्होंने… आखिर नूर(दाढ़ी) रखा ही है…”
फैक्ट चेक:

Source: X
वायरल वीडियो के साथ किये गए दावे की जांच के लिए DFRAC ने वायरल वीडियो के कीफ्रेम को कन्वर्ट कर रिवर्स सर्च किया। इस दौरान हमें ऐसा ही एक वीडियो सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर न्यूज़ पोर्टल यूपी तक दिनांक 09 जून 2026 को पोस्ट किया गया। वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए यूपी तक ने बताया कि “सहारनपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला VIDEO वायरल! सीसीटीवी में बेटा अपने बुजुर्ग पिता को थप्पड़, मुक्के मारते और गिरेबान पकड़कर झकझोरते दिखा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद की बात सामने आई है।”

Source: NDTV
आगे की जांच में हमें वीडियो से जुड़ी न्यूज़ चैनल एनडीटीवी इंडिया की भी रिपोर्ट मिली। 09 जून 2026 को पब्लिश हुई इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो के साथ जानकारी देते हुए बताया गया कि “सहारनपुर जनपद के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित मानकमऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ये घटना सामने आई है। बेटे द्वारा पिता को बेरहमी से पीटने की घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बुजुर्ग हाजी तहसीन के साथ उनके बेटे गुल्फिशान को बीच सड़क मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में बेटे ने अपने पिता को थप्पड़ मारे और उनका गला घोंटने का भी प्रयास किया। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते बाप-बेटे के बीच कहासुनी हुई, जिसके बेटे ने अपने बाप पर ही हाथ उठा दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी।

Source: X
इसके साथ ही हमें घटना के संबंध में हमें सहारनपुर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया गया कि “प्रकरण मे थाना कुतुबशेर पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।”
इसके अलावा, DFRAC की पुलिस स्टेशन कुतुबशेर के इंस्पेक्टर संतोष सिंह से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि “मारपीट करने वाला युवक मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि पिता और पुत्र के बीच अब समझौता हो चुका है, हालांकि पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।”
निष्कर्ष:
फैक्ट चेक से स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। वास्तविक घटना सहारनपुर की एक घरेलू और संपत्ति विवाद से जुड़ी पिता-पुत्र के बीच हुई मारपीट की है, जिसे गलत संदर्भ और भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

