CJP Protest

फैक्ट चेकः 9वीं की छात्रा का पुराना वीडियो CJP के प्रदर्शन से जोड़कर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर कक्षा 9वीं की छात्रा के इंटरव्यू का एक वीडियो कॉक्रोच जनता पार्टी के जंतर मंतर पर प्रदर्शन का बताकर शेयर किया गया है। इस वीडियो में छात्रा को इजरायल-अमेरिका-ईरान युद्ध पर बोलते हुए सुना जा सकता है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रिपोर्टर पहले बच्ची से उसके कक्षा के बारे में पूछती है, जिस पर वह 9वीं क्लास बताती है। इसके बाद रिपोर्टर सवाल करती है कि किस बात के लिए आए हो? जिस पर छात्रा जवाब देती है- इजरायल और अमेरिका के बीच लड़ाई चल रही है। आगे छात्रा बताती है कि उन्हें प्रदर्शन में इंस्टीट्यूट के लोग लेकर आए हैं।

इस वीडियो के स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए मनीष मिश्रा नामक यूजर ने लिखा, ‘पत्रकार – कौन सी क्लास में हो? स्टूडेंट – क्लास 9 में पत्रकार – किस बात के लिए आए हो? स्टूडेंट – इजरायल और अमेरिका के बीच लड़ाई चल रही है इस लिए। पत्रकार – आपको किसने यह लेके आया है. स्टूडेंट – इंस्टीट्यू की तरफ से आई हो. देखिए अब ये स्तर है प्रोटेस्ट का कितनी छोटी बच्ची है इनको प्रोटेस्ट के लिए बुलाया गया है। ये कॉकरोच जनता पार्टी के लोगो का स्तर है पैसा देके इंस्टीट्यूट से बच्चे बुलाए है। और लोग कहे रहे है ये कि बड़ा आंदोलन है ये है वो है इसे आप आंदोलन कहते है निहायती घटिया मानसिकता है इनकी।’

लिंक

𝙼𝚛 𝚃𝚢𝚊𝚐𝚒 नामक यूजर ने लिखा, ‘9वीं क्लास में पढ़ने वाली यह बच्ची भी तिलचट्टों के आंदोलन में जंतर-मंतर पर शामिल हुई है। इसका कहना है कि इज़राइल और अमेरिका के बीच जो लड़ाई हो रही है, उसके खिलाफ विरोध करने यहाँ आए हैं।’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो कॉक्रोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का नहीं है। यह वीडियो मार्च के महीने में ईरान-इजरायल युद्ध के समय हुए एक प्रदर्शन का है। हमारी टीम वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया, उसके बाद इन की-फ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया।

हमें यह वीडियो Political Adda नामक यूट्यूब चैनल के शॉर्ट सेक्शन में 6 मार्च 2026 को पोस्ट मिला। इस वीडियो के शीर्षक में लिखा है, ‘Iran & Israel War के Protest में क्या बोली बच्ची Iran Protest | Political Adda | CPIM |’ इस वीडियो के 6 मार्च को अपलोड होने से यह बात स्पष्ट होती है कि यह वीडियो आज के प्रदर्शन का नहीं है।

यह वीडियो हमें Political Adda के फेसबुक पेज पर भी पोस्ट मिला।

इसके बाद आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने इस प्रदर्शन की कवरेज कर रहे यूट्यूब चैनल ‘आवाज नेशन’ के पत्रकार आसिफ रहमान से संपर्क किया। आसिफ ने बताया कि वह शुरु से ही जंतर मंतर पर प्रदर्शन की कवरेज कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान वहां पर ऐसा कुछ नहीं देखा। उन्होंने आगे बताया कि वहां पर किसी भी प्रदर्शनकारी के हाथ में ईरान-इजरायल युद्ध से संबंधित कोई पोस्टर या तख्ती भी नहीं थी।

निष्कर्षः

फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो कॉक्रोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का नहीं है। यह वीडियो मार्च में Iran & Israel War पर प्रदर्शन का है, जिसे Political Adda नामक यूट्यूब चैनल के शॉर्ट सेक्शन में 6 मार्च 2026 को पोस्ट किया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।