Kannauj Viral video

फैक्ट चेकः कन्नौज के वायरल वीडियो में नहीं है लव जिहाद का एंगल, भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। इस वीडियो में एक ग्रुप द्वारा युवकों के साथ पूछताछ और बदसलूकी करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को उत्तर प्रदेश के कन्नौज का बता रहे हैं, साथ ही इस वीडियो को लव जिहाद का एंगल देते हुए दावा कर रहे हैं कि तीन मुस्लिम युवक 2 नाबालिग हिन्दू लड़कियों को बहला-फुसलाकर लेकर आए थे।

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए kattar_hindu_mandsaur_ नामक यूजर ने लिखा, ‘आज कन्नौज के मकरंद नगर स्थित रॉयल पिज्जा मे लव जिहाद का एक केस पकड़ा गया जिसमे 3 मुस्लिम समुदाय के युवक 2 हिन्दू नाबालिग बेटियों को बहला फुसला कर लेके आये थे जिसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय हिन्दू भाई वहा पहुंचे और उनका नाम पूछने पर उन्होंने अपना नाम पिंटू, राजेश, वा दीपक बताया सख्ती से पूछने पर सही नाम बताया फिर हम भाइयों ने उनको पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। एक एक युवक सात सात आईडी चला रहा था जिसमें हिन्दू युवतियों की काफी चैट पड़ी थी।’

लिंक

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘कन्नौज तीन मुस्लिम लड़कों के साथ 2 हिन्दू लड़कियां पकड़ी गई है लड़कों की तो खातिरदारी हो रहीं है ठीक है लेकिन लड़कियां भी कम दोषी नहीं है इनके माता पिता या मुहल्ले वालों को बुलाकर इनकी करतूत उजागर किया जाय ताकि ये कहीं मुँह दिखाने के काबिल नहीं रहें’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि यह दावा भ्रामक है। कन्नौज पुलिस के मुताबिक युवक-युवतियों की मुलाकात आकस्मिक हुई थी और किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा अवैधानिक कृत्य से संबंधित कोई तथ्य प्रकाश में नहीं आया। हमने वायरल वीडियो के संदर्भ में कन्नौज पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल @kannaujpolice को देखा। हमने पाया कि वायरल वीडियो को एक यूजर ने पोस्ट किया था, जिसके रिप्लाई में कन्नौज पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है।

कन्नौज पुलिस के मुताबिक, ‘उक्त प्रकरण में अवगत कराना है कि जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि संबंधित युवक एवं युवतियां स्वतंत्र रूप से अलग-अलग समय पर रॉयल पिज्जा, मकरंद नगर आए थे। पूछताछ एवं सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा अवैधानिक कृत्य से संबंधित कोई तथ्य प्रकाश में नहीं आया। जांच में यह भी ज्ञात हुआ कि संबंधित युवक एवं युवती पूर्व में एक साथ अध्ययन कर चुके थे तथा उनकी आकस्मिक मुलाकात होने पर आपस में बातचीत हुई थी। कुछ व्यक्तियों द्वारा गलतफहमीवश उनसे पूछताछ की गई थी। प्रकरण में किसी भी पक्ष द्वारा किसी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही की मांग भी नहीं की गई है।’

निष्कर्षः

वायरल वीडियो के संदर्भ में कन्नौज पुलिस के बयान से स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो की घटना में लव जिहाद का एंगल नहीं है। पुलिस के अनुसार युवक एवं युवतियां स्वतंत्र रूप से अलग-अलग समय पर रॉयल पिज्जा, मकरंद नगर आए थे। पूछताछ एवं सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा अवैधानिक कृत्य से संबंधित कोई तथ्य प्रकाश में नहीं आया। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।