White House firing

फैक्ट चेकः व्हाइट हाउस में फायरिंग के आरोपी थॉमस की भारतीय पत्नी प्रियंका राव होने का दावा फेक है

Fact Check hi Fake Featured

अमेरिकी व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (WHCA) के रात्रिभोज में गोली चलाने के आरोपी की पहचान कोले थॉमस एलन के रूप में हुई है। इस बीच सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा अकाउंट्स द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि आरोपी कोले थॉमस एलन की पत्नी भारतीय है, जिसका नाम प्रियंका राव है। यूजर्स कोले और प्रियंका की तस्वीर के साथ-साथ प्रियंका का पासपोर्ट भी शेयर कर रहे हैं।

इन दोनों तस्वीरों को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में गोलीबारी करने वाला 31 साल का कोले थॉमस एलन अपनी भारतीय पत्नी प्रियंका राव के साथ।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

इसके अलावा, इन दोनों तस्वीरों को अन्य यूजर्स द्वारा भी ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि फायरिंग के आरोपी कोले थॉमस एलन की भारतीय पत्नी प्रियंका राव के होने का दावा फेक है। हमने जांच में पाया कि वायरल हो रहा पासपोर्ट फेक है और इसे AI से बनाया गया है। हमने जांच के दौरान पासपोर्ट में ऐसी कई असंगतिया पाईं, जो आमतौर पर AI-जनरेटेड कंटेंट में होती हैं।

पासपोर्ट को गौर से देखने पर हमने कई गलतियां पाईं, जैसे- पासपोर्ट के “Nationality” (राष्ट्रीयता) वाले कॉलम में व्यक्ति का नाम “कोले थॉमस एलन” लिखा हुआ है, जबकि यहां किसी देश का नाम होना चाहिए। यह एक बुनियादी और स्पष्ट गलती है, जो किसी असली आधिकारिक दस्तावेज़ में संभव नहीं होती हैं।

इसके अलावा, दस्तावेज़ में हिन्दी भाषा का प्रयोग बेहद त्रुटिपूर्ण और अस्वाभाविक है। उदाहरण के लिए:

  • “राष्ट्रीयता” को “राष्ट्रीयाय” लिखा गया है
  • “जन्मतिथि” को “पानासिसि” लिखा गया है
  • “जन्म स्थान” को “जाना स्यान” लिखा गया है
  • “जारी (Issue)” को “प्यारी” लिखा गया है
  • “Date of Expiry भी हिन्दी भाषा में नहीं है

ये सभी शब्द न केवल गलत हैं, बल्कि यह भी संकेत देते हैं कि टेक्स्ट को स्वचालित तरीके (जैसे AI या OCR-आधारित जनरेशन) से बनाया गया है, जिसमें भाषा की समझ का अभाव होता है। एक और गंभीर विसंगति यह है कि “पति/पत्नी का नाम” वाले सेक्शन में स्वयं “प्रियंका राव” का नाम ही दर्ज किया गया है, जो दस्तावेज़ की विश्वसनीयता पर और भी सवाल खड़े करता है।

इसके अलावा हमने जब कोले थॉमस एलन और प्रियंका राव की वायरल तस्वीर और पासपोर्ट की AI-डिटेक्टर टूल्स से जांच की, तो पाया कि यह दोनों तस्वीरें AI-जनरेटेड हैं।

आगे की जांच के लिए हमने कोले थॉमस एलन की पत्नी के बारे में सर्च किया, लेकिन हमें किसी भी आधिकारिक बयान या फिर मीडिया रिपोर्ट्स में कहीं भी पत्नी के तौर पर प्रियंका राव का नाम नहीं मिला। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कोले के परिवार में भाई गैब्रियल और उनकी बहनें स्टेफनी और अव्रियाना का नाम मिलता है। हमें कई मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट में अधिकारियों के बयान भी मिले, जिसमें जांच जारी होने की बात कही गई है।

अमेरिका की FBI ने अपने एक्स हैंडल पर आधिकारिक बयान में सिर्फ इतना बताया है, ‘FBI वाशिंगटन फील्ड ऑफिस के नेशनल कैपिटल रिस्पॉन्स स्क्वाड ने वाशिंगटन, D.C. में वाशिंगटन हिल्टन में हुई गोलीबारी पर कार्रवाई की है। आरोपी हिरासत में है।’ (हिन्दी अनुवाद)

वहीं, इन तस्वीरों की विस्तृत विश्लेषण के लिए हमने एआई एक्सपर्ट मयंक शर्मा से संपर्क किया। मयंक ने बताया कि वायरल तस्वीरें स्पष्ट रुप से AI-जनरेटेड हैं, क्योंकि पासपोर्ट में हिन्दी भाषा की इतनी अशुद्धियां बिल्कुल भी नहीं हो सकती हैं। यह अशुद्धियां AI कंटेंट में बहुत कॉमन है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि अमेरिका में फायरिंग के आरोपी कोले थॉमस एलन की भारतीय पत्नी प्रियंका राव के होने का फेक दावा किया गया है। वायरल पासपोर्ट और तस्वीर AI-जनेरेटेड हैं।