सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भीड़ द्वारा कुछ लोगों के साथ मारपीट करते देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को अलीगढ़ का बताकर जातिगत विवाद का एंगल देते हुए शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यादव समाज द्वारा आयोजित भंडारे में पहुंचे दलितों की पिटाई की गई।
इस वीडियो को शेयर करते हुए मिस्टर त्यागी नामक यूजर ने लिखा, ‘यादव भंडारा कर रहे थे, कुछ दलित खाना खाने आए। दलितों की ज़िद थी कि हम यादवों का भंडारा खाकर ठाकुरों के कुएँ से पानी पिएँगे। यादवों ने कहा, “भंडारा है, प्यार से खाना है तो खाओ, वरना निकल जाओ।” दलितों ने कहा, “हम हक से खाएँगे, हम ठाकुर के कुएँ को भी अपना मानते हैं और यादवों के भंडारे को भी, हम दोनों में कोई भेद नहीं करते।” बस फिर क्या था, यादवों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा..अलीगढ़’

वहीं, इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है। जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो अलीगढ़ के इगलास इलाके के मोहरेनी गांव में शादी समारोह के दौरान मारपीट का है। हमें यह वीडियो कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर 3 अप्रैल को पोस्ट मिला। ऋषि चौधरी नामक अलीगढ़ के एक स्थानीय पत्रकार ने वीडियो पोस्ट कर जानकारी दी है, ‘शादी में ख़ूनी संघर्ष. अलीगढ़ इगलास के गांव मोहरेनी में शादी बनी रणभूमि धारदार हथियारों से हमला | कई घायल, #aligpolice‘

इसके अलावा इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी अलीगढ़ के इगलास के मोहरेनी गांव में शादी समारोह में मारपीट का बताते हुए शेयर किया है। एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि मोहरेनी गांव निवासी रहमान ने शादी का कार्ड देकर सुरेंद्र कुमार को बुलाया था। इसके बाद प्लान करने सुरेंद्र और उनके साथी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस रिपोर्ट में पीड़ित सुरेंद्र कुमार के बेटे का इंटरव्यू भी दिखाया गया है।

इस मामले पर और ज्यादा जानकारी के लिए हमारी टीम ने इस घटना की कवरेज करने वाले स्थानीय पत्रकार ऋषि चौधरी से संपर्क किया। ऋषि ने बताया कि यह वीडियो शादी समारोह में सुरेंद्र कुमार नामक व्यक्ति के साथ मारपीट का है। ऋषि ने इस वीडियो के साथ यादवों के भंडारे में दलितों की पिटाई के दावे को झूठा करार दिया है।
वहीं अलीगढ़ पुलिस ने एक पोस्ट में वायरल दावों का खंडन किया है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अलीगढ़ के इगलास इलाके के मोहरेनी गांव में शादी समारोह के दौरान मारपीट की घटना का है। जिसे यादवों के भंडारे में दलितों की पिटाई किए जाने के भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

