CJP protest

फैक्ट चेकः वाराणसी फैमिली कोर्ट में पति-पत्नी विवाद का वीडियो CJP प्रदर्शन से जोड़कर भ्रामक दावा किया गया

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल युवती रोते हुए फोन पर अपने पिता से मारपीट की घटना के बारे में बता रही है। यूजर्स इस वीडियो को दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से जोड़ रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि युवती ने प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी और उनकी मां के बारे में अपशब्द कहे थे, जिसके बाद उसकी पिटाई की गई है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए Arun Yadav नामक यूजर ने लिखा, ‘अले… ले… ले… ले…ले…मोदीजी और उनकी स्वर्गीय माता जी को गाली देने से पहले अपने पापा से पूंछा था क्या..’

लिंक

इस वीडियो को शेयर करते हुए Kamal Narayan Mishra नामक यूजर ने लिखा, ‘डीडी डर गई अले अले डीडी डर गई, मोदीजी और उनकी स्वर्गीय माता जी को गाली देने से पहले अपने पापा से पूंछा था क्या…’

लिंक

इसके अलावा इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इसी तरह के मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया गया है। कुछ यूजर्स ने यह भी दावा किया है कि युवती की पिटाई बजरंग दल के सदस्यों द्वारा की गई है। जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच की और दावे को भ्रामक पाया। हमारी जांच में सामने आया कि यह वाराणसी परिवार न्यायालय में पति-पत्नी के बीच विवाद का वीडियो है। वहीं, वाराणसी की कैंट पुलिस ने भी इस वायरल दावे को भ्रामक करार दिया है।

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमारी टीम ने सबसे पहले वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया और फिर फ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो News18 India के यूट्यूब चैनल पर 18 जुलाई को अपलोड मिला, जिसके साथ कैप्शन में, ‘वाराणसी कोर्ट में बवाल! पत्नी पर जानलेवा हमला’ लिखा गया है।

आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने गूगल पर इस घटना के बारे में कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें अमर उजाला, दैनिक जागरण और प्रभात खबर सहित कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। दैनिक जागरण की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘कैंट थाना क्षेत्र स्थित परिवार न्यायालय में एक महिला के साथ उसके पति द्वारा मारपीट और चेन छीनने का मामला सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।’

अमर उजाला की रिपोर्ट में बताया गया है,पुलिस के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर निवासी अर्चना मिश्रा बृहस्पतिवार सुबह 11:45 बजे परिवार न्यायालय (प्रधान) में मुकदमे की पैरवी के लिए पहुंची थीं। आरोप है कि वहां पति अखंड प्रताप उपाध्याय ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोपी ने पहले गाली गलौज कर चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर पीटा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट भी छीन लिया।

वहीं प्रभात खबर की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित परिवार न्यायालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाया। पीड़िता अर्चना मिश्रा, निवासी खरगूपुर (जंसा थाना क्षेत्र), ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने मुकदमे की पैरवी के लिए सुबह करीब 11:45 बजे फैमिली कोर्ट पहुंची थीं।महिला के अनुसार, उनके पति अखंड प्रताप उपाध्याय, निवासी गडखड़ा (सिंधोरा थाना क्षेत्र), पहले से ही कोर्ट परिसर में मौजूद थे। आरोप है कि पति ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।’

आगे की जांच के लिए DFRAC की टीम ने वाराणसी कैंट पुलिस थाने से संपर्क किया। पुलिस ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि घटना में सीजेपी प्रदर्शन का कोई मामला नहीं है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि यह दावा भ्रामक है। यह घटना वाराणसी परिवार न्यायालय में पति-पत्नी के बीच विवाद का है। इस मामले का सीजेपी प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।

Claim ReviewWoman beaten up for abusing PM Modi during CJP protest.
Claimed ByX User– Arun Yadav, Kamal Narayan Mishra & others
Fact CheckMisleading

Our Sources:

  1. YouTube Shorts video of News18 India, Uploaded on July 18, 2026
  2. News Report of Dainik Jagran, Published on July 17, 2026
  3. News Report of Amar Ujala, Published on July 17, 2026
  4. News Report of Prabhat Khabar, Published on July 18, 2026
  5. Varanasi Cantt Police Statement to DFRAC