सोशल मीडिया पर एक दावा जमकर वायरल हो रहा है। ब्रेकिंग न्यूज का एक पोस्टकार्ड शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के बाबतपुर इलाके में एक हिन्दू युवती ने बलात्कार और धर्मांतरण की धमकी दे रहे 6 मुस्लिम युवकों की हत्या कर उनके सिर को देवी काली के मंदिर में चढ़ा दिया। वायरल पोस्टकार्ड में टेक्स्ट लिखा है, ‘BREAKING NEWS लगाओ स्टोरी ‘बलात्कार और धर्मातरण की धमकी देने पर हिंन्दू लड़की ने 6 मुस्लिम युवकों का गला काटकर वाराणसी बाबतपुर स्थित काली माता मंदिर में चढ़ाये 6 कटे सिर..! अब शेरनिया उतरी है मेदान में’
इस पोस्टकार्ड को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर करते हुए Anuj Shukla नामक यूजर ने लिखा, ‘वैसे मैं बहुत सख्त लौंडा हूँ पर यहां मैं पिघल गया यार’

इंस्टाग्राम पर इस पोस्टकार्ड को शेयर कर official_ak_raj_35 नामक यूजर ने लिखा, ‘एक दलित युवती 6 मुसलमानों का गला काट कर फरार है. साथ ही ये भी लिखा है कि इन मुसलमानों ने उसे बलात्कार और धर्म परिवर्तन की धमकी दी थी. घटना कथित तौर पर वाराणसी के बाबतपुर के हेमंतपुर गांव की बताई जा रही है. रिपोर्ट में ये भी लिखा है कि युवती के परिजनों ने कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने न तो महिला को कोई सुरक्षा दी और न ही मुस्लिमों के खिलाफ़ कार्रवाई की.’

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस पोस्टकार्ड को वाराणसी के बाबतपुर में हुई घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में वायरल दावे को फेक पाया। जांच में हमें घटना के बारे में कोई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट्स नहीं मिली। वहीं, इस घटना पर पुलिस का कोई आधिकारिक बयान भी नहीं है। हालांकि फुलपुर थाना (जिसके अंतर्गत बाबतपुर इलाका आता है) के एसएचओ राजीव कुमार सिंह ने DFRAC से बात करते हुए वायरल खबर का खंडन किया और इसे फेक न्यूज करार दिया है।
जांच के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर ‘वाराणसी में हिन्दू लड़की ने 6 मुस्लिमों की हत्या की‘ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें किसी भी विश्वसनीय मीडिया संस्थान द्वारा प्रकाशित कोई सूचना नहीं मिली, क्योंकि वाराणसी में अगर बलात्कार और धर्मांतरण जैसे गंभीर अपराधों में 6 लोगों की हत्या जैसी बड़ी वारदात हुई होती, तो यह घटना मीडिया की प्रमुख हेडलाइंस में जरूर होती। जांच के दौरान हमने पाया कि इससे पहले यह फेक न्यूज वर्ष 2023 में भी फैलाई गई थी, तब वाराणसी पुलिस के DCP Gomti Zone VNS के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक बयान प्रकाशित कर फेक न्यूज का खंडन किया गया था।
वाराणसी पुलिस ने 18 जून 2023 को अपने बयान में कहा था, ‘कृपया ध्यान दें- कतिपय ट्वीटर हैंडलों द्वारा एक फेक न्यूज को पोस्ट कर वायरल किया जा रहा है जिसमें “बलात्कार व धर्मान्तरण की धमकी देने पर 06 मुश्लिम युवकों का गला काट दलित हिंदू युवती फरार; बाबतपुर स्थिल काली मंदिर से 06 सिर बरामद” होना बताया जा रहा है, जो पूर्णतया असत्य है। वाराणसी गोमती ज़ोन के थाना फूलपुर अंतर्गत चौकी बाबतपुर में ऐसी कोई भी घटना घटित नहीं हुई है। वाराणसी पुलिस इस असत्य भ्रामक खबर का खण्डन करती है। कृपया इस प्रकार के असत्य व भ्रामक पोस्ट को साझा न करें। वाराणसी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है, ऐसे पोस्ट को शेयर करने वालों पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।’
वहीं, हमारी टीम ने हाल-फिलहाल में ऐसी किसी घटना होने के संदर्भ में जानकारी के लिए फुलपुर पुलिस थाना के प्रभारी राजीव कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने वायरल खबर का खंडन करते हुए बताया कि फुलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाबतपुर इलाके में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। वहीं हेमंतपुर नामक गांव भी इस इलाके में नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि काली जी का स्थापित कोई मंदिर भी उनके थाना क्षेत्र में नहीं है। उन्होंने यह भी जानकारी दी है कि कई लोगों ने वायरल पोस्ट में बाबनपुर का दावा किया है, जबकि कुछ लोग बाबतपुर लिख रहे हैं, लेकिन अगर बाबतपुर ही मान लिया जाए, तो भी इलाके में इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा फेक है। वाराणसी में बलात्कार-धर्मांतरण का दबाव डालने पर 6 मुस्लिमों युवकों की हिन्दू युवती द्वारा हत्या किए जाने की घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स का दावा फेक और निराधार है।
