The Hindu news cutting

फैक्ट चेक: इंदिरा गांधी की 1967 में सोने की खरीद न करने की अपील से जुड़ी ‘द हिंदू’ की न्यूज़ कटिंग फेक है

Fact Check hi Fake Featured

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना ना खरीदने की अपील की थी, जिसके बाद विपक्ष ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर अंग्रेजी अखबार ‘द हिन्दू’ की मुख्यपृष्ठ की एक न्यूज कटिंग वायरल हो रही है, जिसे 6 जून 1967 का बताया जा रहा है। यूजर्स इस न्यूज कटिंग के साथ दावा कर रहे हैं कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।

इस न्यूज कटिंग को शेयर करते हुए ocean jain नामक यूजर ने लिखा, लोहा लेडी इंदिरा का दौर था वो। जब मोदी जी के सोना नहीं खरीदने की अपील तात्कालिक अख़बारों में छापी गई थी’

लिंक

एक अन्य यूजर दिलीप कुमार सिंह ने न्यूज कटिंग शेयर करते हुए लिखा है, ‘The Hindu, Madras, Tuesday June 6, 1967 की खबर पढ़िये तथ्य: 5-6 जून 1966 को इंदिरा गांधी ने रुपये का 57.4% अवमूल्यन किया था – डॉलर 4.76 रुपये से 7.50 रुपये हो गया अवमूल्यन के बाद विदेशी मुद्रा भंडार की हालत बहुत खराब थी पढ़िए इंदिरा गांधी का राष्ट्र के नाम संबोधन #GoldPurchase

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने ‘द हिन्दू’ के वायरल न्यूज कटिंग को गौर से देखा। हमने पाया कि वायरल न्यूज कटिंग में कई खामियां हैं। जैसे- अखबार प्रकाशन की तारीख में 6 जून 1967 लिखा है, लेकिन खबर की डेटलाइन में 5 जून लिखा हुआ है। वहीं, हमने पाया कि वायरल न्यूज कटिंग में दिख रहा लोगो ‘द हिन्दू’ को ओरिजिनल लोगो से भिन्न है। इसके अलावा वायरल, वायरल न्यूज कटिंग में ‘Indian National Newspaper’ लिखा है, जबकि ‘द हिन्दू’ के अखबार पर ‘India’s National Newspaper Since 1878’ लिखा हुआ है। इन सभी खामियों को यहां दिए ग्राफिक्स में देखा जा सकता है।

हमने इस न्यूज कटिंग के संदर्भ में आगे की जांच के लिए ‘द हिन्दू’ के आधिकारिक एक्स हैंडल को देखा। हमें यहां एक स्पष्टीकरण भी मिला। ‘द हिन्दू’ के एक्स हैंडल पर अंग्रेजी भाषा में टेक्स्ट लिखा है, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘सोशल मीडिया पर इस समय एक ऐसी तस्वीर सर्कुलेट हो रही है, जिसे डिजिटल रूप से बदला गया है और जो 6 जून, 1967 के ‘द हिंदू’ अखबार के पहले पन्ने जैसा दिखती है। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह हमारे आर्काइव का कोई असली पन्ना नहीं है। ‘द हिंदू’ अपने पाठकों से आग्रह करता है कि वे इसे शेयर करने से पहले सावधानी बरतें और इसकी सत्यता की जांच कर लें।’

इसके अलावा, हमें इस संदर्भ में ‘द हिन्दू’ के एसोसिएट एडिटर और राजनीतिक संपादक निस्तुला हेब्बर और राजनीतिक संवाददाता बी. कोलाप्पन का पोस्ट भी मिला। दोनों पत्रकारों ने अपने पोस्ट में वायरल न्यूज कटिंग को फेक करार देते हुए ‘द हिन्दू’ का 6 जून 1967 को प्रकाशित ओरिजिनल मुख्यपृष्ठ भी शेयर किया है। निस्तुला हेब्बर ने पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा है, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘@the_hindu के 6 जून, 1967 के फ्रंट पेज की जो तस्वीर सोशल मीडिया पर सोने पर नियंत्रण (Gold Controls) के संदर्भ में पोस्ट की जा रही है, वह नकली है; संभवतः उसे AI की मदद से बनाया गया है। उस दिन का असली फ्रंट पेज अरब-इजरायल युद्ध की खबरों से भरा हुआ था। दोनों पेज नीचे दिए गए हैं। इस मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद!’

वहीं बी कोलाप्पन ने पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी है, ‘पहला, एक डिजिटली बदला हुआ पेज है जिसे गलत तरीके से 6 जून, 1967 के ‘द हिंदू’ के पहले पेज के तौर पर दिखाया जा रहा है। दूसरा, उस दिन जारी हुआ असली पेज है। सोशल मीडिया यही कर सकता है; यह भारत के राष्ट्रीय अंग्रेजी दैनिक के पहले पेज को भी बदल सकता है।’ (हिन्दी अनुवाद)

इस बारे में हमने वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत टंडन से संपर्क किया। उन्होंने कहा, ‘मुझे हैरानी है कि इतने ज़िम्मेदार लोगों ने इंदिरा गांधी का एक फ़र्ज़ी बयान शेयर किया है, जिसे ‘द हिंदू’ अख़बार के पहले पन्ने पर छपा हुआ दिखाया गया था। बाद में ‘द हिंदू’ ने यह साफ़ किया कि उसने 1967 में ऐसी कोई ख़बर नहीं छापी थी। ऐसा BJP के समर्थकों और नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की उस अपील को सही ठहराने के लिए किया था, जिसमें उन्होंने लोगों से सोना नहीं खरीदने को कहा था।’

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि ‘द हिन्दू’ की सोशल मीडिया पर वायरल अखबार कटिंग फेक है। ‘द हिन्दू’ और उससे जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों ने इसे फेक करार दिया है।