फैक्ट चेक: 5 साल की स्कूली बच्ची के साथ कथित बलात्कार का आरोपी सुरेंद्र सिंह है, न कि हेडमास्टर नईमुद्दीन अंसारी

Fact Check Fact Check hi Fake Featured Misleading Misleading

न्यूज़ पोर्टल ऑप इंडिया ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से जुड़ी एक खबर प्रकाशित करते हुए दावा किया कि तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली 5 साल की बच्ची के साथ स्कूल के मैनेजर नईमुद्दीन ने दुष्कर्म किया।

Source: OP India

ओप इंडिया ने अपनी खबर में लिखा कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली 5 साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल के मैनेजर नइमुद्दीन ने रेप किया। घटना के बाद बच्ची खून से लथपथ हालत में घर पहुँची। बच्ची की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में जारी है। स्कूल से लौटते ही बिगड़ी हालत, परिजन रह गए सन्न

परिजनों के अनुसार, बच्ची शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) की सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में जब वह घर लौटी तो उसकी हालत बेहद खराब थी और शरीर से लगातार खून बह रहा था। यह देखकर माँ घबरा गई और तुरंत खेत में काम कर रहे पिता को बुलाया गया। इसके बाद परिजन बच्ची को अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उसे कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। एक महिला चिकित्सक ने भी कहा कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है, हालाँकि अंतिम मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। तरयासुजान थाना पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और परिजनों की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। मामले में विद्यालय के प्रबंधक नइमुद्दीन को हिरासत में लिया गया है, जबकि शिक्षक/प्रधानाचार्य पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है।

फैक्ट चेक:

वायरल दावे की जांच के लिए DFRAC ने घटना से जुड़े विभिन्न कीवर्ड सर्च किए। इस दौरान घटना से संबंधित कई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट्स सामने आईं। Dainik Bhaskar और ETV Bharat की रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस जांच में यह सामने आया कि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची पास के एक आम के बगीचे में आम बिनने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले की गहन जांच, पूछताछ और स्थानीय स्तर पर छानबीन के बाद आरोपी की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में की। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सुरेंद्र सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

Source: X

इसके अलावा, Kushinagar Police द्वारा जारी आधिकारिक बयान में भी स्पष्ट किया गया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला वास्तविक आरोपी सुरेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय रामरतन सिंह, निवासी विरवट कोन्हवलिया, थाना तरयासुजान, जनपद कुशीनगर है।

निष्कर्ष:

वायरल न्यूज़ रिपोर्ट में किया गया दावा भ्रामक और तथ्यों से परे है। जांच में सामने आया है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला वास्तविक आरोपी सुरेंद्र सिंह है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार भी किया है। ऐसे में वायरल रिपोर्ट के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति को आरोपी बताना गलत और भ्रामक है।