सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की एक काफी पुरानी तस्वीर जमकर शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में राजीव गांधी के साथ राहुल गांधी के अलावा कई और लोग भी देखे जा सकते हैं। वायरल तस्वीर में एक शख्स को दो सूटकेस उठाए हुए देखा जा सकता है। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि सूटकेस उठाए ये शख्स मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं।
इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘जिस व्यक्ति के हाथ मैं अटैची नजर आ रही है वो कौन है? यह है अपने आप को सबसे बड़ा दलित मानने वाले वर्तमान मैं कांग्रेस अध्यक्ष ओर गांधी परिवार के चापलूस मल्लिकार्जुन खड़गे, इस काम के बदले आज ये अध्यक्ष है यह इज्जत थी गांधी परिवार के मन मैं दलितों के लिए। जिन्हें एक नौकर की तरह समझा जाता था अब खुद ही सोचिए कि दलित विरोधी कौन है…..!’

वायरल तस्वीर शेयर करते हुए Janardan Mishra नामक यूजर ने लिखा, ‘वोह तब भी खड़े थे वो आज भी खड़े हैं, श्रीमान खड़गे…….’

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए इसे मल्लिकार्जुन खड़गे का बताया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि यह दावा भ्रामक है। वायरल तस्वीर में मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं। सूटकेस उठाए शख्स सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो राजीव गांधी के सहयोगी थे। वायरल तस्वीर के बारे में DFRAC से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय के कम्युनिकेशन इंचार्ज प्रणव झा ने बताया कि ये सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो राजीव गांधी के दोस्त थे। उनकी शादी कर्नाटक की सांसद रहीं तारादेवी से हुई थी।
वायरल तस्वीर की जांच के लिए हमने सबसे इसे गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह तस्वीर राहुल गांधी द्वारा 21 मई 2024 को पोस्ट मिली, जिसके साथ कैप्शन में राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए लिखा था, ‘पापा, आपके सपने, मेरे सपने, आपकी आकांक्षाएं, मेरी ज़िम्मेदारियां। आपकी यादें, आज और हमेशा, दिल में सदा।’
इसके बाद आगे की जांच के लिए हमने मल्लिकार्जुन खड़गे के युवावस्था के दौरान की तस्वीरों के बारे में सर्च किया। हमें खड़गे द्वारा पोस्ट 21 मई 2021 को एक तस्वीर मिली, जिसमें वह राजीव गांधी के साथ दिख रहे हैं। इस तस्वीर को देखने के बाद यह स्पष्ट हो रहा है कि वायरल तस्वीर में मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं है।
मल्लिकार्जुन खड़गे के युवावस्था के दौरान की तस्वीरों के बारे में सर्च के दौरान Zee News Kannada की वेबसाइट पर प्रकाशित खड़गे की कई तस्वीरें मिलीं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि खड़गे की युवावस्था की तस्वीर वायरल तस्वीर में दिख रहे शख्स से बिल्कुल अलग हैं।

हम यहां एक कोलाज दे रहे हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि वायरल तस्वीर में दिख रहे शख्स मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं।

वहीं, हमने पाया कि वायरल तस्वीर में दिख रहे शख्स सिद्धार्थ रेड्डी हैं। सिद्धार्थ रेड्डी के बारे में सर्च करने पर हमें tv9telugu की 11 जून 2021 की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में राजीव गांधी के साथ सिद्धार्थ रेड्डी की दो तस्वीरें देखी जा सकती हैं। इन तस्वीरों से स्पष्ट होता है कि वायरल तस्वीर में सिद्धार्थ रेड्डी ही प्रतीत होते हैं, जिसे नीचे दिए कोलाज में देखा जा सकता है। वहीं, tv9telugu की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘पॉलिटिक्स पार्टी डॉट कॉम पत्रिका के संस्थापक सिद्धार्थ रेड्डी का निधन हो गया है। पेशे से इंजीनियर सिद्धार्थ रेड्डी राजीव गांधी के बहुत करीबी थे। प्रधानमंत्री और विपक्ष दोनों ही समय में सिद्धार्थ रेड्डी ने हमेशा राजीव गांधी का समर्थन किया। राजीव गांधी के निधन के बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी कार्य किया।’

आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय के कम्युनिकेशन इंचार्ज प्रणव झा से संपर्क किया। प्रणव झा ने हमें बताया कि ये सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो राजीव गांधी जी के दोस्त थे। उनकी शादी कर्नाटक की सांसद रहीं तारादेवी से हुई थी।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई राजीव गांधी की पुरानी तस्वीर में सूटकेस उठाए दिख रहे शख्स सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जिन्हें कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बताते हुए भ्रामक दावा किया गया है।
| Claim Review | It is Mallikarjun Kharge carrying Rajiv Gandhi’s suitcase. |
| Claimed By | X Users |
| Fact Check | Misleading |
Our Sources:
- Post by Rahul Gandhi on May 21st, 2024
- Post By Mallikarjun Kharge on May 21st, 2021
- News Coverage by Zee News Kannada on November 6, 2022
- News Coverage by TV-9 Telugu on June 11th, 2021
- Pranav Jha, in-charge communication, congress president’s office statement to DFRAC
