फैक्ट चेकः दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने PM मोदी की आलोचना नहीं की, वायरल बयान फेक है

Fact Check hi Fake Featured

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हवाले से एक बयान शेयर किया गया है। इस बयान के साथ दावा किया गया है कि रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है। रेखा गुप्ता के बयान के वायरल पोस्टकार्ड में टेक्स्ट लिखा है, ‘प्रधानमंत्री मोदी जी जाते जाते पुरी पार्टी को ले डुबेंगे ऐसा महसूस होने लग गया है। इतनी बड़ी पार्टी का अंत इतनी जल्दी ही आ जाएगा सपने में भी नहीं सोचा था- रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली।’

इस पोस्टकार्ड को शेयर करते हुए वीएन यादव नामक यूजर ने लिखा, ‘जाने अनजाने दिल्ली की मुख्यमंत्री सही कह रही हैं। अबकी बार सत्ता से हटने के बाद बीजेपी अगले सौ वर्षों तक सत्ता में नहीं आएगी।’

लिंक

वहीं एक अन्य यूजर ने बिना कैप्शन के ही रेखा गुप्ता के बयान वाले पोस्टकार्ड को शेयर किया है।

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल पोस्टकार्ड की जांच में पाया कि सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की आलोचना वाला बयान नहीं दिया है। उनका वायरल बयान फेक है। वहीं DFRAC से बात करते हुए दिल्ली बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता ने वायरल दावे का खंडन करते हुए कहा कि सीएम रेखा गुप्ता ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।

हमारी टीम ने वायरल पोस्टकार्ड की जांच के लिए गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया, लेकिन हमें किसी भी विश्वसनीय मीडिया संस्थान द्वारा प्रकाशित ऐसी कोई न्यूज नहीं मिली। दरअसल अगर रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी आलोचना वाला बयान दिया होता, तो देश की राजनीति में बड़ी खबर होती और यह मीडिया की प्रमुख खबरों में होती। हालांकि हमें हाल-फिलहाल की कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की तारिफ की है। हमें ‘आज तक’ की रिपोर्ट मिली, जिसमें रेखा गुप्ता का बयान है, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करती हूं कि केंद्र और दिल्ली में एक ही विजन वाली सरकार होने का लाभ आज दिल्ली के विकास को मिल रहा है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स के अंतर्गत दिल्ली के विकास के लिए अलग से डिपार्टमेंट ऑफ कैपिटल डेवलपमेंट बनाया गया है।’

                                       लिंक

वहीं ‘एबीपी न्यूज’ की रिपोर्ट में सीएम रेखा गुप्ता का पीएम मोदी पर बयान है, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकसित भारत 2047 का जो राष्ट्रीय संकल्प लिया है, वह अब हर राज्य, शहर और नागरिक का संकल्प बन चुका है। दिल्ली को आधुनिक, सक्षम और नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में दिल्ली की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी.’

                                           लिंक
आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने दिल्ली बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता का फेक बयान शेयर किया गया है। रेखा गुप्ता विश्व के सर्वमान्य नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे इस तरह के बयान नहीं दे सकती हैं। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली का विकास हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के हवाले से फेक बयान शेयर किया गया है। रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की आलोचना वाला बयान नहीं दिया है। इसलिए वायरल पोस्टकार्ड फेक है और यूजर्स का दावा गलत है।

Claim ReviewDelhi CM Rekha Gupta crticise PM Modi
Claim ByX Users
Fact CheckFake

Sources:

1 AajTak News

2. ABP News

3. Delhi BJP Spokesperson Dr.Anil Gupta