बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत हासिल की है। प्रशांत किशोर ने बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार को 18,953 वोटों से हराया है। बांकीपुर से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विधायक रहे हैं, जिनके राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी।
इस बीच सोशल मीडिया पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के भावुक होने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ दावा है कि बांकीपुर में हार के बाद मनोज तिवारी भावुक हो गए। फेसबुक पर इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘#बांकीपुर में भाजपा प्रत्याशी हारने के बाद मनोज तिवारी जी रोते हुए अपने शब्दों का व्याख्या किए #राजनीतिक में जीत और हर तो हमेशा चलते रहता है सरकार’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। मनोज तिवारी का यह वीडियो बांकीपुर उप-चुनाव में बीजेपी की हार के बाद नहीं है, यह वीडियो वर्ष 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान का है। वहीं, उस वक्त मनोज तिवारी का इंटरव्यू करने वाले वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने DFRAC से बात करते हुए वायरल दावे का खंडन किया है और वीडियो को वर्ष 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान का बताया है।
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया, फिर इन फ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें मनोज तिवारी का पूरा इंटरव्यू टीवी-9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर 14 जनवरी 2020 को अपलोड मिला, जिसके साथ कैप्शन में जानकारी दी गई है, ‘Manoj Tiwari ने Arvind Kejriwal को दिया चैलेंज, कैमरे पर क्यों हुए भावुक, Exclusive Interview’।
इस इंटरव्यू में दी गई जानकारी के मुताबिक मनोज तिवारी उस वक्त बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष थे और उनका इंटरव्यू पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने किया था। इंटरव्यू के दौरान मनोज तिवारी अपने जीवन के संघर्षों को याद करके भावुक हो जाते हैं और विपक्षी नेताओं पर गरीबों और कलाकारों का मजाक बनाने का आरोप लगाते हैं।
वहीं जांच को आगे बढ़ाते हुए हमारी टीम ने वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक उपाध्याय से संपर्क किया। अभिषेक उपाध्याय ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि यह इंंटरव्यू वर्ष 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जिसे भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। पत्रकार अभिषेक उपाध्याय के साथ मनोज तिवारी के इंटरव्यू यह वीडियो बांकीपुर उपचुनाव के बाद का नहीं है, बल्कि वर्ष 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान का है। इसलिए यूजर्स का दावा गलत है।
| Claim Review | Manoj Tiwari became emotional after the BJP’s defeat in the Bankipur by-election. |
| Claimed By | Facebook User |
| Fact Check | Misleading |
Our Sources:
- YouTube video of TV9 Bharatvarsh, Uploaded on January 14, 2020
- Journalist Abhishek Upadhyay Statement to DFRAC
