सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक दूल्हा एक बच्ची के साथ नजर आ रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दूल्हे ने उस बच्ची के साथ निकाह किया है।
Catholic Gospel Media नामक यूजर ने वीडियो शेयर कर अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘लगभग 9 साल की एक छोटी बच्ची की शादी 30 या 35 साल के एक आदमी से कर दी गई। यह तो पागलपन है! अब समय आ गया है कि हम चीज़ों को उनके सही नाम से पुकारें: यह ‘पेडोफ़िलिया’ (बाल यौन शोषण) है और इसे हर हाल में रुकना ही चाहिए!
क्या संस्कृति और परंपरा के नाम पर, बड़ों की हवस मिटाने के लिए एक बच्ची से उसका बचपन और मासूमियत छीन लेना सही है? यह तो एक घिनौना अपराध है!!!‘

इसके अलावा इस वीडियो को ऐसे ही दावे के साथ कई अन्य यूजर्स द्वारा भी शेयर किया गया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह दावा फेक है। मुस्लिम शख्स का निकाह उस बच्ची के साथ नहीं हुआ है। वीडियो में दिख रही बच्ची उस शख्स की भांजी है, जो दूल्हा बने अपने मामा के साथ फोटो खिंचवाने के लिए खड़ी थी। दूल्हे का निकाह किसी अन्य युवती के साथ हुआ है। हमें वीडियो ओरिजिनल वीडियो rukhsar_mulla20 नामक इंस्टग्राम यूजर द्वारा पोस्ट मिला, जिसमें उन्होंने वीडियो के कैप्शन में ‘मामू की भांजी’ लिखा है। इसके अलावा वीडियो पर भी टेक्स्ट लिखा है, ‘सिर्फ मां-बाप की ही नहीं “मामू की भी पहली बेटी” होती है उसकी भांजी’।

इसके अलावा rukhsar_mulla20 ने दूल्हा और दुल्हन की शादी की रस्मों के साथ वाली अन्य वीडियो भी शेयर किया है। एक वीडियो को उन्होंने दूल्हा-दुल्हन की अंगूठी ढूंढने की रस्म बताते हुए शेयर किया है, जिसमें स्पष्ट तौर पर दुल्हन को देखा जा सकता है।

वहीं, रूख्सार मुल्ला ने एक और वीडियो शेयर किया है, जिसमें शादी का कार्ड देखा जा सकता है। उन्होंने अपने भाई की शादी बताकर इस वीडियो को शेयर किया है। शादी के कार्ड पर पता राउरकेला-ओडिशा लिखा है। कार्ड पर दूल्हे का नाम जीशान और दुल्हन का नाम अनम लिखा हुआ है।

हमारी टीम ने इस शादी कार्ड पर दिए नंबर पर फोन किया। दूल्हे जीशान के भाई दानिश ने बताया कि बच्ची उनकी भांजी है और बच्ची के साथ शादी की बात फेक न्यूज है। उन्होंने हमें बताया कि लड़के की शादी बालिग युवती के साथ हुई है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो दूल्हा बने मामा के साथ फोटो खिंचवा रही भांजी का है, जिसे भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है। परिजनों के अनुसार दूल्हे की शादी बालिग युवती के साथ हुई है।

