उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ ही महीने बचे हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावों की तैयारी में जुटी हैं। इस बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इन दिनों बीजेपी पर हमलावर हैं और वह चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। राम मंदिर में कथित चंदाचोरी का मामला भी अखिलेश यादव लगातार उठाते रहे हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई के कथित बयान का एक पोस्टकार्ड जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें सपा सरकार आने पर मठ-मंदिरों पर बुलडोजर चलाने की बात कही गई है। इस पोस्टकार्ड में अमीक जामेई का कथित बयान है, ‘एक-एक मठ-मंदिरों और इमारतों के कागजात दुरुस्त करा लो, अखिलेश जी की सपा सरकार आने पर बुलडोज़र चलाया जाएगा।’ इस पोस्टकार्ड को फेसबुक India News Media नामक यूजर ने शेयर किया है।

एक्स हैंडल पर योगीआदित्यनाथफैन(डिजिटल योद्धा)गोडसे का भक्त नामक यूजर द्वारा पोस्ट किए गए पोस्टकार्ड में अमीक जामेई का कथित बयान है, ‘मठ-मंदिरों के कागज दुरूस्त करा लो, सपा की सरकार आने पर बुलडोजर चलेगा ! -अमीक जमई प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल दावा फेक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। DFRAC से बात करते हुए अमीक जामेई ने वायरल बयान को फेक करार दिया है और कहा उन्होंने कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
हमारी टीम ने वायरल दावे की जांच के लिए सबसे गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया, लेकिन हमें अमीक जामेई के कथित बयान की किसी भी विश्वसनीय मुख्यधारा की मीडिया द्वारा प्रकाशित कोई न्यूज नहीं मिली, क्योंकि अगर समाजवादी पार्टी के किसी राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा मठ-मंदिरों को लेकर ऐसा कोई बयान दिया गया होता, तो वह मीडिया की प्रमुख सुर्खियों में जरूर होता।
आगे की जांच के दौरान हमें अमीक जामेई के एक्स हैंडल पर इस मामले पर एक पोस्ट मिला, जिसमें अमीक ने वायरल दावे को फेक करार दिया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘कई दिनों से भाजपा का IT सेल हमारे नाम से मेरी पार्टी को जोड़कर, सपा सरकार मे मंदिर धाराशाई होंगी, से जोड़कर फेक ग्राफ़िक्स चला रहा है। बतौर मुसलमान मैंने मुख्यमंत्री योगी सरकार द्वारा हमेशा काशी अयोध्या मे पुरातन मंदिर डिमोलिशन का समाजवादी के प्रवक्ता बतौर हमेशा विरोध किया है। हमारी संस्कृति साझी है हमने पूरी जिंदगी धर्म जाति समुदाय से उठकर शोषित वंचित ऑपरेस्ड की समाजवादी राजनीती की है! ऐसे अभियान रोके नहीं गए तो मै इस पूरे मामले मे अदालत का रुख करने को मजबूर होऊंगा!’

वायरल बयान के संदर्भ में DFRAC की टीम ने अमीक जामेई से संपर्क किया। अमीक ने वायरल बयान को फेक करार देते हुए कहा उन्होंने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि वह सोशल मीडिया पर इस तरह की फेक न्यूज फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।
निष्कर्षः
DFRAC की टीम की जांच से साफ है कि सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई का फेक बयान शेयर किया गया है। अमीक जामेई ने सपा सरकार आने पर मठ-मंदिरों पर बुलडोजर चलाए जाने का बयान नहीं दिया है। इसलिए यूजर्स का दावा फेक है।
| Claim Review | SP spokesperson Ameeque Jamei said that when Samajwadi Party government comes to power, bulldozers will be run on monasteries and temples. |
| Claim By | Social Media Users |
| Fact check | Fake |
Sources:
- Google Keywords Search
- X Post by Ameeque Jamei
- Ameeque Jamei Statement to DFRAC
