PM Modi fake news

फैक्ट चेकः PM मोदी ने नहीं कहा कि देश की माताएं-बहनें सोना बेचकर बैंक में पैसे जमा कराएं

Fact Check hi Fake Featured

वैश्विक परिस्थियों को देखते हुए पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा भंडार पर भार कम करने के लिए देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। पीएम मोदी के इस बयान की मीडिया कवरेज भी हुई और पोस्टकार्ड भी मीडिया संस्थानों द्वारा पोस्ट किए गए। इस बीच सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के बयान का एक पोस्टकार्ड खूब वायरल है। नवभारत टाइम्स (NBT) के इस पोस्टकार्ड में पीएम मोदी का बयान लिखा है, ‘ये समय सोना खरीदने का नहीं है बल्कि ये समय माताओं और बहनों के त्याग का है माताओं और बहनों से अपील है कि सोना बेचकर सारा पैसा अपने बैंक में जमा करवाएं’

इस पोस्टकार्ड को फेसबुक पर शेयर करते हुए यादव जनशक्ति पार्टी नामक यूजर ने लिखा, ‘ये समय सोना खरीदने का नहीं है बल्कि ये समय माताओं और बहनों के त्याग का है माताओं और बहनों से अपील है कि सोना बेचकर सारा पैसा अपने बैंक में जमा करवाएं’

लिंक

वहीं एक अन्य फेसबुक यूजर Vinod Chand ने इस पोस्टकार्ड को शेयर करते हुए अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘तो ये बात है। नरेंद्र मोदी ने माताओं और बहनों से कहा है कि वे अपना सोना बेच दें और पैसे बैंक खाते में जमा कर दें। अब आप ही बताइए, आपके मंगलसूत्र के लिए कौन आ रहा है?’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने पीएम मोदी के वायरल पोस्टकार्ड की जांच में पाया कि यह फेक है। PM मोदी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और नवभारत टाइम्स (NBT) ने भी ऐसा कोई पोस्टकार्ड पब्लिश नहीं किया है। चूंकि वायरल पोस्टकार्ड पर NBT का लोगो लगा है और पोस्टकार्ड की डिजाइन भी NBT की है, इसलिए हमारी टीम ने सबसे पहले NBT के सोशल मीडिया हैंडल्स को देखा। हमें NBT Hindi News के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिला, जिसमें वायरल पोस्टकार्ड को फेक करार दिया गया है।

इस पोस्ट में लिखा गया है, ‘सोशल मीडिया पर @NavbharatTimes के एक डिजिटली ऑल्टर्ड तस्वीर के माध्यम से दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं से सोना बेचकर धनराशि बैंक में जमा करवाने की अपील की है। यह दावा #फर्जी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी कोई अपील नहीं की है। कृपया सावधान रहें — NBT के नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी खबर की सत्यता और आधिकारिक जानकारी के लिए केवल NBT के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और प्लेटफॉर्म्स पर ही भरोसा करें।’

लिंक

वहीं, आगे की जांच में हमें भारत सरकार की नोडल एजेंसी प्रेस सूचना ब्यूरो PIB की फैक्ट चेक यूनिट का भी एक पोस्ट मिला, जिसमें वायरल पोस्टकार्ड को फेक करार दिया गया है। पीआईबी ने लिखा, ‘सोशल मीडिया पर @NavbharatTimes के एक डिजिटली ऑल्टर्ड तस्वीर के माध्यम से दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं से सोना बेचकर धनराशि बैंक में जमा करवाने की अपील की है। यह दावा #फर्जी है। प्रधानमंत्री @narendramodi ने ऐसी कोई अपील नहीं की है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत जनसामान्य से सोने की खरीद को टालने का आग्रह किया था। कृपया सतर्क रहिए। सशंकित करने वाली ऐसी सूचनाओं के झांसे मे न आएं। आधिकारिक स्त्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास कीजिए।’

निष्कर्षः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल दावा फेक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की माताओं और बहनों से सोना बेचकर बैंक में पैसा जमा कराने की अपील नहीं की है और ना ही नवभारत टाइम्स ने इस फेक बयान का कोई पोस्टकार्ड पब्लिश किया है। इसलिए यूजर्स का दावा फेक है।