Surya murder case

फैक्ट चेकः दिल्ली में हत्या के बाद आरोपी का रील बनाने का पुराना वीडियो सूर्या मर्डर केस से जोड़कर वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में ईद-उल-अज़हा के दिन सूर्या चौहान नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के मुख्य आरोपी असद को यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस बीच, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि सूर्या की हत्या के बाद असद ने रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या की हत्या करने के बाद असद ने रात को 11:00 बजे के आसपास ये वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला था… उसमें वह कह रहा है की भाइयों तुम्हारे भाई ने आज एक मर्डर कर दिया अब तो मैं कुछ समय के लिए अंदर जा रहा हूं अपना प्यार बनाए रखना… लेकिन यह सू-अर अंदर नहीं बल्कि सीधे जहन्नुम भेज दिया गया… एक तरह से देखा जाए तो एक सबक और हिम्मत तोड़ने का भी काम करेगा इसका एन,,,,काउंटर ,’

लिंक

एक अन्य यूजर ने इस वीडियो को असद का बताते हुए लिखा, ‘बस कुछ दिन अंदर रहूँगा इसी गलतफहमी में हूरोफर्र हो गया. …. Asad असद सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद asad का इंस्टाग्राम मे मर्डर के बाद का वीडियो सामने आया.. सूर्या की हत्या के बाद बनाया गया था वीडियो.. सोचो इन जिहादियों की सोच कितनी घिनौनी है की क़त्ल के बाद भी बिना डरे वीडियो पोस्ट कर रहा है,,,’

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को सूर्या मर्डर केस में आरोपी असद का बताकर शेयर किया गया है, जिसे यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि यह दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो सूर्या चौहान के हत्या आरोपी असद का नहीं है। यह वीडियो 3 अप्रैल को दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में नितेश उर्फ निक्की नामक युवक के हत्या आरोपी करण उर्फ तरुण का है।

हमें वायरल वीडियो 3 और 4 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर कई अकाउंट्स द्वारा पोस्ट मिला, जिसके साथ जानकारी दी गई है कि दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक 20 वर्षीय युवक नितेश उर्फ निक्की की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह वारदात आपसी विवाद/झगड़े के चलते हुई। घटना के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर खुद ही जुर्म कबूल किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

लिंक- 1, 2 और 3

आगे की जांच में हमें नीलेश उर्फ निक्की की हत्या और आरोपी के वायरल वीडियो के संदर्भ द प्रिंट और इंडिया टीवी सहित कई अन्य रिपोर्ट्स भी मिलीं। द प्रिंट की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘उत्तर पश्चिम दिल्ली में हैदरपुर नहर के पास हुए झगड़े में 20 वर्षीय युवक की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हत्या के तुरंत बाद, आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया और एक शख्स की हत्या करने का दावा किया। आरोपी ने कथित वीडियो में कहा, ‘रात के 11.22 बज गए भाई, तुम्हारे भाई ने ‘मर्डर’ मार दिया है, अंदर (जेल) जा रहा है कुछ दिनों के लिए, सारे भाई प्यार देना।’’ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हुई घटना के सिलसिले में दो व्यक्तियों और एक नाबालिग को पकड़ा गया है।

वहीं इंडिया टीवी की रिपोर्ट में उल्लेखित है, ‘दिल्ली में एक भयावह घटना सामने आई है, जहां एक किशोर ने 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी और अपराध स्वीकार करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान 18 वर्षीय करण कुमार उर्फ ​​तरुण के रूप में हुई है और यह घटना गुरुवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हैदरपुर नहर में घटी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को कुमार और उसके साथियों, 22 वर्षीय मोंटी और एक नाबालिग का पीड़ित नितेश उर्फ ​​निक्की से झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि करण ने कथित तौर पर शालीमार बाग इलाके में नितेश पर कई बार चाकू से हमला कर दिया।’

हमने इस घटना के बारे में और ज्यादा जानकारी के लिए DCP North-West Delhi के सोशल मीडिया हैंडल को चेक किया। हमने पाया कि वायरल वीडियो को Aam Aadmi Party Delhi के एक्स हैंडल से पोस्ट कर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए गए थे। इस पोस्ट की रिप्लाई में DCP North-West Delhi ने उक्त घटना के बारे में बताया था, ‘सूचित किया जाता है कि उक्त घटना एफआईआर संख्या 91/26 दिनांक 03.04.2026, थाना शालीमार बाग में संबंधित धाराओं के अंतर्गत दर्ज की गई थी, जिसे मात्र चार घंटे के भीतर सुलझा लिया गया तथा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला हैदरपुर नहर के पास हुए झगड़े के दौरान 20 वर्षीय निक्की @ नितेश की चाकू मारकर हत्या से संबंधित है। आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर घटना में अपनी संलिप्तता का दावा करते हुए एक वीडियो अपलोड किया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। यह भी उल्लेखनीय है कि आरोपी ने स्वयं को नाबालिग बताते हुए जल्द रिहा होने का दावा किया था, जबकि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वह हाल ही में बालिग हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो गाजियाबाद में सूर्या चौहान मर्डर केस के आरोपी असद का नहीं है। यह वीडियो 3 अप्रैल को दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में नितेश हत्याकांड के आरोपी करण उर्फ तरुण का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।