सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के सीहोर में प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर में एक मुस्लिम शख्स तलवार लेकर घुस गया और उसने मंदिर के पुजारी को जान से मारने की कोशिश की। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी शख्स तलवार लेकर पुजारी और एक अन्य सहयोगी के हाथापाई करने की कोशिश करता है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए जितेंद्र प्रताप सिंह नामक यूजर ने लिखा, ‘ये है भारत का तथाकथित डरा हुआ सताया हुआ मुसलमान. मध्य प्रदेश के सीहोर के प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर के अंदर एक मुसलमान तलवार लेकर घुसा और मंदिर के पुजारी को जान से मारने की कोशिश किया डॉ. मोहन यादव सो रहे हैं जबकि हिंदू मंदिरों और पुजारियों पर खुलेआम हमले हो रहे हैं।’

वहीं इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह घटना हाल-फिलहाल की नहीं है, बल्कि जुलाई 2025 की है और घटना में आरोपी शख्स का नाम महेश यादव है, जिसके खिलाफ पुलिस ने उस वक्त मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी। हमें वायरल वीडियो के संदर्भ में नवभारत टाइम्स और दैनिक भास्कर की 26 जुलाई 2025 की रिपोर्ट्स मिलीं। इन रिपोर्ट्स में बताया गया है कि आरोपी का नाम महेश यादव है और उसने पैसे की मांग को लेकर पुजारी को धमकी दी है।
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट में लिखा गया है, ‘यह मामला सीहोर के प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर का है। यहां शनिवार दोपहर को महेश यादव नाम का शख्स मंदिर के अंदर पुजारी जय दुबे और लोकेश सोनी नाम के सेवादार से धक्का मुक्की करने लगा। उसके हाथ में एक बड़ा सा बका हथियार भी था। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में महेश यादव पेपर में हथियार छिपाकर मंदिर के अंदर प्रवेश करता है। और फिर वही हथियार दिखाकर धमकी देते हुए कहा रहा है कि 24 घंटे के अंदर पैसे नहीं मिले तो बड़ा हमला करूंगा।’

आगे की जांच में हमें इस घटना की ‘द सूत्र‘ नामक यूट्यूब चैनल पर पूरी कवरेज मिली। इस कवरेज में पुजारी जय दुबे और पुलिस अधिकारी अभिनंदना शर्मा का बयान भी है। पुजारी बताते हैं, ‘महेश यादव नामक शख्स अनावश्यक पैसे की मांग करने लगे, जब मैंने कहा कि आपसे मेरा कोई लेन-देन नहीं है, तो गाली-गुप्तान करने लगे और अपने साथ वो तलवार लेकर आए थे, जिससे उन्होंने हमले का प्रयास भी किया।’
वहीं इस घटना पर हमें सीहोर पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर 26 जुलाई 2025 को पोस्ट पुलिस अधिकारी अभिनंदना शर्मा का एक बयान भी मिला। अपने वक्तव्य में पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुजारी द्वारा दी गई शिकायत में आरोपी का नाम महेश यादव है। पुलिस ने पोस्ट में लिखा, ‘प्रेस नोट आज दिनांक 26.07.25 को गणेश मंदिर के पुजारी को एक व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार के साथ डराने धमकाने संबंधी वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया था l पुजारी द्वारा सीसीटीवी फुटेज संलग्न कर एक आवेदन पत्र थाना मंडी में प्रस्तुत किया गया हैं जिसके आधार पर थाना मंडी द्वारा सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया l प्रकरण से संबंधित अग्रिम जांच थाना मंडी पुलिस द्वारा की जा रही है।’
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जुलाई 2025 की पुरानी घटना का वीडियो है, जिसमें आरोपी महेश यादव को मुस्लिम बताकर भ्रामक दावा किया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा गलत है।

