Qatar USA Base

फैक्ट चेकः क़तर में नहीं है हैदरिया अमेरिकी बेस, AI-जनरेटेड वीडियो के साथ फेक दावा वायरल

Fact Check hi Fake Featured

ईरान और अमेरिकी-इजरायल के बीच 28 फरवरी से ही संघर्ष जारी है। ईरान द्वारा मिडल-ईस्ट में अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ईरान द्वारा क़तर स्थित हैदरिया अमेरिकी बेस पर हमला किया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सैन्य बेस पर अचानक मिसाइल हमला हो जाता है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘हैदरिया — अमेरिकी बेस, क़तर: क्लोज़-अप फ़ुटेज में हमले का असर कैद हुआ है।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को हैदरिया अमेरिकी बेस पर हमले का बताकर शेयर किया गया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल दावा फेक है और हैदरिया नामक कोई अमेरिकी बेस क़तर में मौजूद नहीं है। इसके अलावा वायरल वीडियो भी AI-जनरेटेड है। सबसे हमारी टीम ने क़तर स्थित अमेरिकी सैन्य बेस के बारे में जानकारी इकट्ठा की। हमें अमेरिका की US Department of State की वेबसाइट पर U.S. Security Cooperation With Qatar से एक आर्टिकल मिला, जिसमें क़तर में अल-उदैद बेस का जिक्र किया गया है, यहां किसी भी हैदरिया बेस का जिक्र नहीं है। वेबसाइट पर जानकारी दी गई है, ‘2003 से, कतर ने अमेरिका के इस्तेमाल के लिए अल-उदैद एयर बेस को विकसित करने में $8 बिलियन से ज़्यादा का योगदान दिया है। इस बेस पर U.S. सेंट्रल कमांड फॉरवर्ड, U.S. एयर फ़ोर्स सेंट्रल कमांड फॉरवर्ड, और U.S. स्पेशल ऑपरेशंस कमांड सेंट्रल कमांड फॉरवर्ड के मुख्यालय हैं; साथ ही यहाँ कंबाइंड जॉइंट इंटरएजेंसी टास्क फ़ोर्स – सीरिया, U.S. सेंट्रल कमांड का कंबाइंड एयर ऑपरेशंस सेंटर, और U.S. एयर फ़ोर्स की 379वीं एयर एक्सपीडिशनरी विंग भी मौजूद हैं। ये योगदान पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अभियानों को समर्थन देने के लिए बेहद ज़रूरी हैं।’

इसके आगे की जांच में हमें US Department of War की वेबसाइट पर एक प्रेस रिलीज मिली। इस प्रेस रिलीज में भी क़तर में अमेरिकी सैन्य बेस के तौर पर अल-उदैद का जिक्र किया गया है। वहीं अमेरिकी सरकार की U.S. Central Command की वेबसाइट पर 13 जनवरी 2026 की एक प्रेस रिलीज में उपलब्ध जानकारी के अनुसार क़तर में अल-उदैद एयरबेस का जिक्र है। इन सभी सरकारी वेबसाइट्स पर हमें कहीं भी हैदरिया बेस के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

इस जांच के दौरान हमें US-Qatar Business Council की वेबसाइट पर अमेरिका और क़तर के 2022 में 50 सालों की साझेदारी पूरा होने पर एक विस्तृत नोट लिखा गया है, जिसके साथ यह जानकारी दी गई है कि क़तर में अल-उदैद अमेरिकी बेस है। 72 पेज की इस डॉक्यूमेंट में अल-उदैद का जिक्र तो है, लेकिन कहीं भी हैदरिया बेस का जिक्र नहीं है।

हमें मिडल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी बेस के संदर्भ में रायटर्स और अल-जजीरा की रिपोर्ट्स भी मिलीं, इन मीडिया रिपोर्ट्स में भी अल-उदैद एयरबेस का जिक्र तो है, लेकिन कहीं भी हैदरिया बेस का जिक्र नहीं है।

वहीं, हमारी टीम ने वायरल वीडियो की AI-डिटेक्टर टूल्स हाइव मॉडरेशन और डीपफेक-ओ-मीटर (यूनिवर्सिटी एट बफैलो) पर की। हमारी जांच में परिणाम सामने आया कि वायरल वीडियो AI-जनरेटेड है।

हमारी टीम ने वीडियो के बारे में अधिक जानकारी के लिए एआई विशेषज्ञ मयंक शर्मा से संपर्क किया। मयंक ने बताया कि वीडियो का विश्लेषण करने पर इसमें कई ऐसे संकेत मिलते हैं, जो इसे एआई-जनरेटेड या मॉर्फ्ड कंटेंट की ओर इशारा करते हैं। खासकर विस्फोट के विज़ुअल्स में लाइटिंग और शैडो का व्यवहार अस्वाभाविक है, जो वास्तविक कैमरा फुटेज से मेल नहीं खाता। इसके अलावा, बैकग्राउंड एलिमेंट्स में डिटेल की कमी, ऑब्जेक्ट्स की किनारों पर हल्की ब्लरिंग और मोशन के दौरान पिक्सल डिस्टॉर्शन जैसे पैटर्न दिखाई देते हैं, जो आमतौर पर एआई कंटेंट में होते हैं।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो AI-जनरेटेड है। वहीं, क़तर में हैदरिया बेस नहीं है। इसलिए यूजर्स का दावा फेक है।