Home / Misleading / अशोक गहलोत ने कहा- ‘माहौल हिन्दुत्व का बन गया, हमें कोई वोट नहीं देगा’ पढ़ें- फैक्ट चेक

अशोक गहलोत ने कहा- ‘माहौल हिन्दुत्व का बन गया, हमें कोई वोट नहीं देगा’ पढ़ें- फैक्ट चेक

अशोक गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर्स दावा कर रहे हैं कि अशोक गहलोत ने कहा है कि माहौल हिन्दुत्व का बन गया है। हम घबरा गए हैं कि कोई हमें वोट नहीं देगा। सोशल मीडिया यूजर्स का यह भी दावा है कि अशोक गहलोत ने यह बयान देकर चुनाव से पहले हार मान ली है।

सोशल मीडिया पर डॉ सुजन अढाना ने लिखा- “माहौल #हिन्दुत्व का बन गया है.. घबरा गये हैं हम लोग.. वोट देंगे नहीं हमें.. ये शब्द है मुखिया @ashokgehlot51 जी के.. ये तो गुड न्यूज है.. जो हिन्दुत्व को समझेगा हम उसे जितायेंगे। दौ सौ सीटों पर, फिर से भगवा लहराऐंगे। #जय_श्री_राम”

 

वहीं महेश कन्नौजे ने लिखा- “माहौल हिन्दूत्व का बन गया है, इसलिए हम सब घबरा गए हैं….. क्योंकि अब हमें कोई वोट नहीं देने वाला :- अशोक गहलोत”

फैक्ट चेकः

वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच के लिए हमने वीडियो के कुछ फ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया। जिसके बाद हमें यूट्यूब पर MTTV INDIA का एक वीडियो मिला, जिसे 9 अप्रैल 2021 को पोस्ट किया गया था। 36 मिनट के इस वीडियो को शीर्षक- “#Ajmer- CM ASHOK GEHLOT ने NSUI को दिया टास्क” दिया गया है। यह वीडियो NSUI के 51वें स्थापना दिवस पर अशोक गहलोत के संबोधन का है।

इस वीडियो के 27 मिनट 4 सेकेंड पर अशोक गहलोत को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “जो कांग्रेस से जुड़ गए, वह संविधान का पालन करते हैं। उसमें लोकतंत्र भी आता है, समाजवाद भी आता है और धर्मनिरपेक्षता भी आती है। ये BJP-RSS वाले खाली हिंदुत्व की बात करते हैं। माहौल हिंदुत्व का बन गया है, तो हम भी घबरा गए हैं कि वोट देंगे नहीं लोग। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और हमें दबंग होकर हमारी विचारधारा पर चलना है।”

 

अशोक गहलोत के वायरल वीडियो को यहीं से लिया गया है। सोशल मीडिया यूजर्स ने अपना प्रोपेगैंडा चलाने के लिए बड़ी चालाकी से वीडियो के आधे हिस्से को लिया, जिससे उनका मकसद पूरा हो सके।

यह भी पढ़े:भारतनाट्यम करने वाले चाइनीज रोबोट की सच्चाई

निष्कर्षः

वायरल वीडियो की पड़ताल से यह साबित होता है कि सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा किया जा रहा दावा भ्रामक है, क्योंकि उन्होंने वीडियो के आधे हिस्से को शेयर किया है।

दावा- अशोक गहलोत ने कहा- माहौल हिन्दुत्व का बन गया, हमें कोई वोट नहीं देगा

दावाकर्ता- सोशल मीडिया यूजर्स

फैक्ट चेक- भ्रामक

Tagged: