Reuters fake news

फैक्ट चेकः ‘भारत-अमेरिका ट्रेड डील’ पर रायटर्स की न्यूज भ्रामक है

Fact Check hi Featured Misleading

भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच व्यापार समझौते (India-US trade deal) के लिए बातचीत अंतिम दौर में है। दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है, हालांकि इस ट्रेड डील पर अभी तक कोई फाइनल मुहर नहीं लग पाई है। इस बीच सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि भारत ने जल्दबाजी में कोई ट्रेड एग्रीमेंट करने से इनकार कर दिया है और वह बेहतर डील का इंतज़ार कर रहा है। यह दावा ब्रिटिश न्यूज एजेंसी रायटर्स की खबर के हवाले से किया गया है।

रायटर्स ने एक पोस्ट में लिखा, ‘अधिकारियों और जानकारों का कहना है कि हाल की बातचीत में भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाजी में कोई ट्रेड एग्रीमेंट करने से इनकार कर दिया है और वह बेहतर डील का इंतज़ार कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए ट्रेड पार्टनर, कम होते आर्थिक जोखिम और देश में मिल रहे राजनीतिक फ़ायदों से भरोसा मिल रहा है।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

Global News & Geopolitics ने भारत द्वारा अमेरिका के साथ ट्रेड डील से इनकार करने का दावा करते हुए लिखा, ‘भारत ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को तेज़ी से आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है और इसके बजाय ज़्यादा फ़ायदेमंद शर्तों का इंतज़ार करने का फ़ैसला किया है।’

लिंक

फैक्ट चेकः

हमने जांच में पाया कि वायरल यह दावा भ्रामक है। भारत और अमेरिका दोनों देशों ने इस खबर का खंडन करते हुए इसे भ्रामक करार दिया है। भारतीय केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस खबर को झूठा और भ्रामक करार दिया है।

जांच के दौरान हमें भारतीय केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का एक पोस्ट मिला। इस पोस्ट में गोयल ने रायटर्स की खबर का खंडन करते हुए लिखा, ‘यह खबर पूरी तरह से गलत, बेबुनियाद और गुमराह करने वाली है। जून में जब USTR जेमिसन ग्रीर (@USTradeRep) दिल्ली आए थे, तो मेरी उनके साथ बहुत अच्छी बैठकें हुई थीं। दोनों पक्षों ने एक ऐसे समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो संतुलित हो, व्यावसायिक रूप से सार्थक हो और दोनों देशों के व्यवसायों, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं को ठोस लाभ पहुंचाए। हमारी टीमें इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई हैं।’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

वहीं आगे की जांच में हमें भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर का भी एक पोस्ट मिला। इस पोस्ट में सर्जियो गोर ने रायटर्स की खबर को फेक न्यूज करार देते हुए लिखा, ‘फ़ेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने भी कुछ भी खारिज नहीं किया है। दोनों पक्षों के बीच बहुत ही सकारात्मक बैठकें हुईं और उन्होंने ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। हम लगातार सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। रॉयटर्स – आप इससे बेहतर कर सकते हैं!’ (हिन्दी अनुवाद)

लिंक

निष्कर्षः

भारत और अमेरिका दोनों देशों ने रायटर्स की ‘भारत का जल्दबाजी में ट्रेल डील से इनकार’ वाली खबर का खंडन करते हुए इसे फेक न्यूज और भ्रामक सूचना करार दिया है। दोनों देशों ने स्पष्ट किया है कि सकारात्मक बैठकें हुई हैं और बातचीत जारी है। दोनों देशों ने ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता को भी दोहराया है।