फैक्ट चेक: राहुल गांधी का अधूरा वीडियो शेयर कर बीजेपी नेता संबित पात्रा ने फैलाई अफवाह

Fact Check hi Fake Featured Misleading

सत्ता में वापसी को लेकर सत्तारूढ़ दल कांग्रेस पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। गुरुवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने राज्य में चुनाव अभियान की शुरुआत की और जालंधर में एक वर्चुअल रैली में हिस्सा लिया।

इस दौरान राहुल गांधी ने अमृतसर का दौरा किया जहां उन्होंने हरमंदिर साहिब में मत्था टेका और लंगर भी खाया। इस मौके पर राहुल के साथ राज्य के मुख्य मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसी बीच राहुल गांधी के हरमंदिर साहिब में लंगर खाने का एक वीडियो शेयर कर भारतीय जनता पार्टी के नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी का मजाक उड़ाया। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो में राहुल गांधी मास्क पहने नजर आ रहे हैं। संबित पात्रा ने ट्वीट किया, “मास्क पहन कर लंगर? ये तो आठवां अजूबा ही हो सकता है।”

फैक्ट चेक:

संबित पात्रा द्वारा पोस्ट किए गए वायरल वीडियो और उसके दावे की जांच  करने पर हमने पाया कि इस वीडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई ने पोस्ट किया था।

हालांकि, जिस समय वीडियो पोस्ट किया गया, उस समय राहुल गांधी लंगर खा चुके थे।

राहुल गांधी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किए गए वीडियो में राहुल गांधी को लंगर खाते हुए साफ देखा जा सकता है।

इसके अलावा राहुल गांधी के लंगर खाने की तस्वीर दैनिक भास्कर के वेब पोर्टल पर भी प्रकाशित हुई। जिसका कैप्शन दिया गया है – “श्री दरबार साहिब में CM चरणजीत चन्नी के साथ लंगर छकते राहुल गांधी”

विकिपीडिया के पेज के अनुसार हरमंदिर साहिब को श्री दरबार साहिब या स्वर्ण मंदिर कहा जाता है।

निष्कर्ष

बीजेपी नेता संबित पात्रा का राहुल गांधी द्वारा मास्क पहनकर ‘लंगर’ खाने का दावा भ्रामक है। राहुल गांधी ने लंगर खाने से पहले और लंगर खाने के तुरंत बाद मास्क पहना था। लेकिन संबित पात्रा ने राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए वीडियो शेयर किया।

Claim review:-  भाजपा नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी का अधूरा वीडियो शेयर कर किया गलत दावा।

Claimed by: संबित पात्रा (बीजेपी नेता)

Fact Check: भ्रामक