फैक्ट चेकः मिस्र में प्रेमी ने प्रेमिका के लिए दांतों को तोड़कर बनवाया नेकलेस

Fact Check hi Fake Featured

सोशल मीडिया पर कभी-कभी अजीबोगरीब दावे के साथ फेक समाचार वायरल हो जाते हैं और लोग बिना सोचे समझे इन फेक समाचारों को शेयर करते रहते हैं। सोशल मीडिया पर दो तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है। पहली तस्वीर में इंसानी दांतों से बना एक हार है, तो दूसरी फोटो में एक शख्स मुस्कुराता हुआ दिख रहा है, जिसके दांत नहीं है।

यूजर का दावा

सोशल मीडिया के यूजर्स दावा कर रहे हैं यह शख्स मिस्र का रहने वाला है। इसने अपनी प्रेमिका के लिए अपने सभी दांतों को तोड़कर उसका हार बनवाया और उसे अपनी प्रेमिका को गिफ्ट कर दिया। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट इस दावे के साथ वायरल हो रहा है। कुछ लोग इसे प्यार कह रहे हैं, तो कुछ लोग इसे पागलपन करार दे रहे हैं। वहीं एक तीसरी जमात है जो इस समाचार पर चुटकी ले रही है।

फैक्ट चेकः

वायरल हो रहे दावे की पड़ताल के लिए हमारी टीम ने तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल सर्च करने पर हमें इस शख्स से जुड़ी कई कहानियां हमें तमाम वेबसाइटों पर मिली। लेकिन यह सभी कहानी भी फेक दावे कर रही हैं।

कुछ और सर्च करने पर हमें इस फोटो का एक फेसबुक लिंक मिला। यह फेसबुक पेज मुस्तफा अल सईद नाम के व्यक्ति का है। मुस्तफा अल सईद मिस्र के रहने वाले हैं, उनके पेज पर दिए गए विवरण के अनुसार वह मिस्र के अभिनेता हैं। सईद ने इस फोटो को 31 अक्टूबर 2021 को पोस्ट किया था। यह फोटो सच्ची नहीं बल्कि फोटोशॉप की गई है। इस फोटो को पोस्ट करने का मकसद प्यार के अजीबोगरीब तोहफों का मजाक उड़ाना था।

वहीं कई फैक्ट चेक करने वाली वेबसाइटें भी मुस्तफा अल सईद के हवाले से बता चुकी हैं कि उन्होंने मजाक करने के लिए अपने फोटो को एडिट किया था। इसलिए यह साबित होता है कि यह फोटो पूरी तरह से फेक और भ्रामक है, इसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है।