फैक्ट चेक: क्या सऊदी अरब में काबा के अंदर हुई आत्मघाती हमले कोशिश? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई

Fact Check Fact Check hi Fake Featured Misleading Misleading

दुनिया भर के मुस्लिमों के लिए पवित्र काबा और मक्का की मस्जिद-ए-हरम का एक वीडियो बड़ी तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक शख्स को सुरक्षाकर्मियों द्वारा नियंत्रित करते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो के हवाले से दावा किया जा रहा है कि एक आत्मघाती हमलावर ने अपने शरीर पर बम बांधा और मस्जिद-ए-हरम में घुस गया, लेकिन हमला करने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।

Source: X

सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर रज़ा ग्राफी ने वायरल वीडियो को शेयर कर लिखा कि मस्जिद-ए-हरम पर हमले की कोशिश। यह घटना सऊदी अरब में एक इज़राइली फ़्लाइट के उतरने के 24 घंटे से भी कम समय में हुई। एक आत्मघाती हमलावर ने अपने शरीर पर बम बांधा और मस्जिद-ए-हरम में घुस गया, लेकिन हमला करने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया। यह सब इज़राइल की करतूत है। यह हवाई जहाज़ सिर्फ़ उस आत्मघाती हमलावर को सऊदी अरब पहुँचाने का एक बहाना था।

Source: X

वहीं एक अन्य वेरिफाइड यूजर कूल उस्ताज ने वायरल को शेयर कर करते हुए लिखा कि मक्का में पवित्र काबा के पास आत्मघाती बम हमले की कोशिश बहुत डरावनी और परेशान करने वाली है। अल्हम्दुलिल्लाह, बेगुनाह लोगों की जान जाने से पहले ही इस कोशिश को नाकाम कर दिया गया। मस्जिद अल-हरम, पवित्र काबा और इबादत करने वालों व तीर्थयात्रियों की जान बचाने के लिए सऊदी सुरक्षा बलों और इसमें शामिल सभी लोगों की तेज़ी, हिम्मत और निर्णायक कार्रवाई के लिए अल्लाह उन्हें जज़ा (इनाम) दे। पवित्र मस्जिद की पवित्रता का हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी बेगुनाह की जान को कभी भी खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए। अल्लाह पवित्र काबा, मस्जिद अल-हरम, मस्जिद-ए-नबवी, सभी तीर्थयात्रियों और इबादत करने वालों की हिफ़ाज़त करे और मक्का व मदीना को हर तरह की बुराई और नुकसान से बचाए। अल्लाह इन पवित्र ज़मीनों को अमन और सुरक्षा दे और उनकी हिफ़ाज़त के लिए काम करने वालों को जज़ा दे। आमीन।

Source: X

इसके अलावा एक अन्य वेरिफाइड यूजर वज़ाहत हबीब ने वायरल वीडियो को शेयर कर उर्दू में लिखा कि बेहद परेशान करने वाली खबर। एक आत्मघाती हमलावर ने काबा (हरम) के अंदर हमला करने की कोशिश की। विस्फोटक जैकेट में धमाका नहीं हुआ! हमलावर को पकड़ लिया गया है।

फैक्ट चेक:

Source: Saudi Gazzette

वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे दावे की जांच के लिए DFRAC ने इससे जुड़े अरबी कीवर्ड्स के जरिए मीडिया रिपोर्ट्स और आधिकारिक स्रोतों की जांच की। जांच के दौरान 2 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित Saudi Gazette की रिपोर्ट मिली, जिसका शीर्षक है— “Saudi Arabia denies reports of suicide bomber at Grand Mosque in Makkah.” रिपोर्ट के अनुसार, “सऊदी अधिकारियों ने मक्का की ग्रैंड मस्जिद में आत्मघाती हमलावर होने की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने एक व्यक्ति को राहगीरों को परेशान करने और दहशत फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पब्लिक सिक्योरिटी ने बताया कि मक्का में सुरक्षा अधिकारियों ने उस व्यक्ति को तब गिरफ्तार किया जब उसने लोगों को परेशान किया और राहगीरों के बीच डर और दहशत का माहौल बनाया। अधिकारियों ने तुरंत इस घटना पर कार्रवाई की, उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कदम उठाए और उसे पब्लिक प्रॉसिक्यूशन के हवाले कर दिया। पब्लिक सिक्योरिटी ने कहा कि इस घटना के बारे में फैल रही खबरें झूठी हैं और लोगों से अपील की कि वे आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।”

Source: X

Source: X

इसके अलावा आगे की जांच में हमें वीडियो के संबंध में सऊदी पब्लिक सिक्योरिटी का आधिकारिक खंडन भी मिला। सऊदी पब्लिक सिक्योरिटी ने अपने आधिकारिक ट्वीट में अरबी में लिखा कि “मक्का अल-मुकर्रमा क्षेत्र 2 अक्टूबर 2026 पवित्र राजधानी (मक्का) में सुरक्षा अधिकारियों ने एक व्यक्ति को राहगीरों को परेशान करने और उनके बीच डर और दहशत फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ तुरंत और उचित कानूनी कार्रवाई की गई है, और उसे लोक अभियोजन (Public Prosecution) के पास भेज दिया गया है। सुरक्षा अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर चल रहे दावों में कोई सच्चाई नहीं है, और आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करने के महत्व पर जोर दिया है।”

इस घटना के संबंध में हमने सऊदी अरब के मक्का स्थित स्वतंत्र पत्रकार शमसाद अल खय्यात से भी बातचीत की। उन्होने मक्का की ग्रैंड मस्जिद में किसी भी प्रकार की आत्मघाती बम हमले की कोशिश की घटना को अफवाह बताया। उन्होने कहा कि “सोशल मीडिया पर घटना को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होने घटना के संबंध में आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करने की भी अपील की।”

निष्कर्ष:

DFRAC के फैक्ट चेक में सामने आया कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा आत्मघाती बम हमले का दावा भ्रामक है। सऊदी अधिकारियों ने मक्का की ग्रैंड मस्जिद में आत्मघाती हमलावर या बम हमले की खबरों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है।