CEO Jitendra Mishra

फैक्ट चेकः राम मंदिर ट्रस्ट सीईओ जितेंद्र मिश्रा ने शराब के साथ जश्न नहीं मनाया, भ्रामक दावा वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के बाद सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक शख्स को सिर पर संभवतः शराब की गिलास रखकर नाचते देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर्स का दावा है कि वीडियो में दिख रहे शख्स जितेंद्र मिश्रा हैं, जो कथित तौर राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ नियुक्त होने के बाद पार्टी में जश्न मनाते हुए नाच रहे हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए Gen-Z of India नामक यूजर ने लिखा, ‘अपनी नियुक्ति का जश्न मनाते हुए नाचते और शराब पीते दिखे जितेंद्र मिश्रा. पहले चंदा गिनने वाले चोरी करते थे, अब सीईओ पार्टी मना रही है। मन्दिर को कंपनी बनाया गया भाई, डांस फ्लोर भी लग गया।’

लिंक

वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए Defense Watch नामक यूजर ने अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘राम मंदिर ट्रस्ट से लेकर पार्टी सेलिब्रेशन तक? जितेंद्र मिश्रा अपनी नियुक्ति का जश्न मनाते हुए नाचते और शराब पीते दिखे’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ और रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर नवंबर 2025 से ही उपलब्ध है। वहीं इस वीडियो को पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम यूजर विकास राणा ने वायरल दावे का खंडन करते हुए उसे फेक न्यूज करार दिया है और बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं।

हमारी टीम ने वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया और उसे अलग-अलग रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो इंस्टाग्राम पर विकास राणा नामक यूजर द्वारा 3 नवंबर 2025 को पोस्ट मिला। यहां एक तथ्य स्पष्ट हो रहा है कि यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है। यहां वायरल यह दावा भी भ्रामक साबित हो रहा है कि सीईओ बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा शराब के साथ पार्टी कर रहे हैं।

लिंक

इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने विकास राणा के सोशल मीडिया हैंडल्स को देखा, हमने पाया कि विकास राणा वीडियो में दिख रहे शख्स को ‘कप्तान साहब’ से संबोधित करते हैं। कप्तान साहब और विकास राणा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हैं। एक ऐसा ही वीडियो 28 मार्च 2026 को पोस्ट किया गया है, जिसमें एक पोस्टर दिखाई दे रहा है। इस पोस्टर में लिखा है, ’21वीं बटालियन दी जाट रेजिमेंट पूर्व सैनिक मिलन समारोह’। पोस्टर के मुताबिक यह कार्यक्रम 8 मार्च 2026 को हरियाणा के झज्जर के गुरूग्राम रोड पर स्थित एक फॉर्म हाउस पर आयोजित किया गया था।

लिंक

आगे की जांच में हमने पाया कि वायरल वीडियो में दिख रहे कप्तान साहब और राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ जितेंद्र मिश्रा दोनों अलग-अलग शख्स हैं, जिसे यहां दिए ग्राफिक्स में देखा जा सकता है।

जांच के दौरान हमें वायरल वीडियो के संदर्भ में एबीपी न्यूज की 26 नवंबर 2025 की एक रिपोर्ट भी मिली। हालांकि इस रिपोर्ट में वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। लेकिन यहां यह भी उल्लेखित नहीं है कि वायरल वीडियो में जितेंद्र मिश्रा हैं।

लिंक

आगे की जांच के लिए DFRAC की टीम ने इंस्टाग्राम यूजर विकास राणा से संपर्क किया। विकास ने वायरल दावे का खंडन करते हुए उसे फेक न्यूज करार दिया है और बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो में सीईओ जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं। यह वीडियो नवंबर 2025 से ही इंटरनेट पर उपलब्ध है और विकास राणा नामक इंस्टाग्राम यूजर ने वीडियो में दिख रहे शख्स को ‘कप्तान साहब’ बताया है।

Claim ReviewJitendra Mishra partied with alcohol after being appointed CEO of Ram Mandir Trust.
Claimed BySocial Media Users
Fact CheckMisleading

Our Sources:

  1. Instagram Post of Vikash Rana on November 3, 2025
  2. Instagram Post of Vikash Rana on March 28, 2026
  3. ABP News Report on viral video Published on November 26, 2025
  4. Instagram user Vikash Rana statement to DFRAC