Ghaziabad

फैक्ट चेकः गोतस्करी के आरोप में मुस्लिम महिलाओं की पिटाई का दावा भ्रामक है, पीड़ित महिलाएं हिन्दू हैं

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ महिलाओं के साथ मारपीट की जा रही है। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि हिन्दुवादी भीड़ ने मुस्लिम महिलाओं की पिटाई की।

इस वीडियो को शेयर करते हुए All India Muslim Forum नामक एक्स हैंडल ने अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा है, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘उत्तर प्रदेश में, हिंदू रक्षा दल की महिला कार्यकर्ता सपना अग्रवाल ने गाय की तस्करी के आरोप में तीन मुस्लिम महिलाओं की पिटाई की।’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। पीड़ित महिलाएं मुस्लिम नहीं हैं, बल्कि हिन्दू हैं। हमारी टीम ने इस संदर्भ में गाजियाबाद के मोदीनगर पुलिस थाने के एसएचओ आनंद प्रकाश मिश्रा से संपर्क किया, उन्होंने हमें बताया कि यह दावा पूरी तरह से गलत है और इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है।

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमारी टीम ने सबसे पहले वीडियो को की-फ्रेम्स में कन्वर्ट किया फिर इन फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें वीडियो के संदर्भ में अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें पीड़ित महिलाओं का नाम दीपा और सुमन बताया गया है। इन मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दीपा और सुमन पशुपालन का कार्य करती हैं। दैनिक जागरण की रिपोर्ट में उल्लेखित है, ‘मोदीनगर में गोकशी के शक में मां-बेटी को पीटने वाले हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मां-बेटी हिंदू हैं और लंबे समय से गौसेवा कर रही हैं, जिसके बाद आरोपितों की तलाश जारी है।’

अमर उजाला की रिपोर्ट में बताया गया है, ‘चूनाभट्ठी कॉलोनी निवासी दीपा ने पुलिस को बताया कि वह गोवंश पालन करती हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे वह अपनी मां सुमन देवी के साथ गोवंश लेकर मुरादनगर जा रही थीं। आरोप है कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सिखैड़ा रोड के पास हिंदू रक्षा दल की विधानसभा अध्यक्ष सपना अग्रवाल और उनके साथियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद गोतस्करी का आरोप लगाते हुए दोनों के साथ मारपीट की गई। दीपा का आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें आरोपियों से छुड़ाया।’

वहीं, हिन्दुस्तान की रिपोर्ट में घटना के संदर्भ में जानकारी दी गई है, ‘मोदीनगर से मुरादनगर पशु ले जा रही मां-बेटी के साथ हिंदू रक्षा दल की ब्लॉक अध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और उन्हें पशु तस्कर साबित करने का प्रयास किया। मारपीट के विरोध में कश्यप समाज के लोगों ने मंगलवार को थाने पर प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर की चुन्ना भट्टी कॉलोनी निवासी दीपा और उनकी मां सुमन परिवार का लालन पालन करने के लिए पशु पालन करती है। वह सोमवार शाम अपने पशु को मोदीनगर से मुरादनगर ले जा रही थी। जब वह दिल्ली मेरठ मार्ग पर सिखेड़ा मार्ग पर पहुंची तो हिंदू रक्षा दल की ब्लॉक अध्यक्ष सपना अग्रवाल ने उन्हें रोक लिया और पशु तस्करी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि सपना ने अपने साथियों के साथ मिलकर मां-बेटी की बेरहमी से पिटाई की।’

इस संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए हमारी टीम ने गाजियाबाद के मोदीनगर पुलिस थाने के एसएचओ आनंद प्रकाश मिश्रा से संपर्क किया, उन्होंने हमें बताया कि यह दावा पूरी तरह से गलत है, इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। पीड़ित महिलाएं हिन्दू ही हैं।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा भ्रामक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित महिलाएं दीपा और सुमन हिन्दू हैं, जिनकी गोतस्करी के शक में हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने पिटाई की थी।

Claim ReviewGhaziabad: Muslim women beaten by Hindu-right-wing groups.
Claimed ByX User– All India Muslim Forum
Fact CheckMisleading

Our Sources:

  1. News coverage of Live Hindustan on August 4, 2026
  2. News coverage of Dainik Jagran on August 5, 2026
  3. News coverage of Amar Ujala on August 5, 2026
  4. SHO Modinagar Statement to DFRAC