सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो युवकों को पुलिस द्वारा जबरन अपने साथ ले जाते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो को बिहार के भरत तिवारी के एनकाउंटर से जोड़कर दावा किया जा रहा है कि यह दृश्य एनकाउंटर से पहले का है। वीडियो पर टेक्स्ट लिखा है, ‘दोगले लोगों में कैसे एनकाउंटर किया भरत भाई का। वीडियो को इतना शेयर करो सबके पास पहुंचे ये वीडियो’

Source: X
सोशल साईट X (पूर्व ट्विटर) पर वायरल वीडियो को यूजर हिमांशु पांडे ने शेयर किया। वीडियो को कैप्शन देते हुए उन्होने लिखा कि “दोगले लोगों में कैसे एनकाउंटर किया भरत भाई का वीडियो को इतना शेयर करो सबके पास पहुंचे ये वीडियो”
फैक्ट चेक:

Source: Instagram
वायरल वीडियो के साथ किये गए दावे की जांच के लिए DFRAC ने सबसे पहले वायरल वीडियो को कीफ्रेम में कन्वर्ट किया। फिर अलग-अलग कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो से मिलता हुआ एक वीडियो इंस्टाग्राम पर मिला। 21 जून 2026 को शेयर किए गए इस वीडियो को यूजर लाइव महाराजगंज ने कैप्शन देते हुए लिखा कि “मदनपुरा गोसदन में दो गौवंशों की मौत पर हंगामा, कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े बजरंग दल कार्यकर्ता महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र स्थित मदनपुरा गोसदन में दो गौवंशों की मौत के बाद शनिवार को जमकर बवाल हुआ। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोसदन में लापरवाही और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। मृत पशुओं के शव जेसीबी से हटाए जाने का भी विरोध किया गया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पर तहसीलदार अमित कुमार सिंह व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एन. भट्ट के अनुसार दो गौवंशों की मौत हुई है, जबकि एक अन्य पशु का उपचार चल रहा है। गोसदन के पशुओं को अन्य गौशालाओं में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। #महराजगंज #मिठौरा #मदनपुरा_गोसदन #गौवंश #बजरंगदल #MaharajganjNews #BreakingNews #UPNews

Source: Facebook
आगे की जांच में हमें ये वीडियो फेसबुक पर भी मिला। 21 जून 2026 को यूजर मोहम्मद फैजान द्वारा शेयर किये गए इस वीडियो को कैप्शन देते हुए लिखा गया कि “गायों की मौत पर भड़का गुस्सा! मदनपुरा गौ सदन पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता, पुलिस से हुई नोकझोंक Caption / Description: महाराजगंज के मदनपुरा गौ सदन में गायों की मौत की खबर के बाद माहौल गरमा गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस व प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। देखिए घटनास्थल से पूरी ग्राउंड रिपोर्ट और जानिए आखिर क्या है पूरा मामला।”
इस संबंध में DFRAC ने लाइव महाराजगंज के संचालक शेषमणि पांडे से भी बातचीत की। उन्होंने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि “यह वीडियो उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के मदनपुरा ब्लॉक का है। उनके अनुसार, क्षेत्र के एक गोसदन में दो गायों की मौत के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने की कार्रवाई की थी, जिसका दृश्य वीडियो में दिखाई दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वायरल वीडियो का भरत तिवारी के एनकाउंटर से कोई संबंध नहीं है और इसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।”
निष्कर्ष:
DFRAC के फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो को भरत तिवारी के एनकाउंटर से जोड़कर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो बिहार या भरत तिवारी से संबंधित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के मदनपुरा गोसदन का है, जहां गोवंशों की मौत के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया था।
