सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कई युवकों द्वारा एक युवक पर बीच बाजार में चाकुओं से हमला किया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि हिन्दू लड़की से इश्क करने पर मुस्लिम युवक की हिन्दुत्ववादी भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘दिल दहला देने वाला। भारत में हिंदुत्ववादी भीड़ ने सरेआम एक और मुस्लिम व्यक्ति की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। मोदी का ‘हिंदू राष्ट्र’ अब अल्पसंख्यकों के लिए एक खुले शिकारगाह में तब्दील होता जा रहा है।’ (हिन्दी अनुवाद)

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘एक मुस्लिम व्यक्ति की, एक हिंदू लड़की के साथ प्रेम-संबंध होने के शक में—जिसे वे ‘लव जिहाद’ कहते हैं—एक सार्वजनिक स्थान पर हिंदुत्ववादी भीड़ द्वारा बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई।’ (हिन्दी अनुवाद)

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा इस वीडियो को ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। इस घटना में लव जिहाद का एंगल नहीं है और मृतक युवक का नाम रोशन सिंह था, जो मुस्लिम नहीं बल्कि हिन्दू था। हमें इस घटना के संदर्भ में 6 नवंबर 2025 की ABN, पंजाब केसरी और the news minute सहित कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें मृतक का नाम रोशन सिंह (25 वर्ष) बताया गया है।
इन मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि तेलंगाना के जगदगिरिगुट्टा में हिस्ट्रीशीटर रोशन सिंह पर एक अन्य हिस्ट्रीशीटर बालेश्वर रेड्डी ने अपने साथियों के साथ सरेआम चाकू से हमला किया, जिसकी सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कई मीडिया रिपोर्ट्स में घटना के पीछे वित्तीय लेन-देन बताया गया है।

वहीं आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने जगदगिरिगुट्टा थाने के इंस्पेक्टर बी. वेंकटेशम से संपर्क किया। उन्होंने लव जिहाद या हिन्दू लड़की से इश्क करने पर मुस्लिम युवक की हत्या के दावों को फेक करार दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक रोशन सिंह और आरोपी बालेश्वर रेड्डी दोनों हिन्दू धर्म के हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन दोनों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और रोशन की हत्या के पीछे लेन-देन और ईगो क्लैश भी एक कारण था।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि इस घटना में लव जिहाद या हिन्दू लड़की से इश्क करने पर मुस्लिम युवक की हत्या का एंगल नहीं है। मृतक का नाम रोशन सिंह था, जो हिन्दू था। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।

