Mainpuri

फैक्ट चेकः प्रेमी के घर से प्रेमिका को ले जाते घरवालों का वीडियो सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक युवती को कुछ लोगों द्वारा जबरदस्ती ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ दावा किया गया है कि एक हिन्दू लड़के का शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर मुस्लिम युवती को पुलिस की मौजूदगी में कुछ गुंडे उठा ले गए।

इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है, ‘एक भारतीय मुस्लिम लड़की, जिसने एक हिंदू पुरुष के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, को मोदी की हिंदुत्ववादी भीड़ और भारतीय पुलिस द्वारा दिन-दहाड़े अगवा कर लिया गया और अमानवीय तरीके से घसीटा गया।’

लिंक

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है, क्योंकि युवती मुस्लिम नहीं बल्कि हिन्दू है और उसका प्रेमी भी हिन्दू है। जांच के दौरान वायरल वीडियो के संदर्भ में हमें दैनिक भास्कर और नवभारत टाइम्स सहित कई मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में युवती का नाम रिंकू शर्मा और उसके प्रेमी का नाम ऋतिक यादव बताया गया है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला प्रेम संबंधों का है। यूपी के मैनपुरी जिले के कुर्रा का रहने वाला ऋतिक यादव राजस्थान के भीलवाड़ा में काम करता था। वहां उसकी मुलाकात रिंकू शर्मा नामक युवती से हुई। जब युवती के परिजनों को इस बारे में जानकारी हुई, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की। जिसके बाद ऋतिक अपने गांव लौट आया। कुछ दिन बाद रिंकू भी ऋतिक के गांव पहुंच गई। राजस्थान में परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत की। राजस्थान पुलिस रिंकू और ऋतिक की तलाश करते हुए मैनपुरी के कुर्रा थाने पहुंची। फिर कुर्रा थाना पुलिस की मदद से दोनों को बरामद कर थाने लाया गया। इसके बाद परिजन उसे अपने साथ राजस्थान ले गए।

वहीं नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि राजस्‍थान के भीलवाड़ा में रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए मैनपुरी के कुर्रा इलाके में चली आई थी। उसके घरवाले ढूंढते हुए मैनपुरी पहुंचे और अपने साथ जबरदस्‍ती ले गए। पूरा मामला कुर्रा थाना परिसर का है।

इस संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए हमारी टीम ने कुर्रा थाने के प्रभारी विक्रांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए हमें बताया कि युवती मुस्लिम नहीं, बल्कि हिन्दू ही है। उसके परिवार वाले राजस्थान से आए थे, जो उसे अपने साथ ले गए। उन्होंने इस घटना में सांप्रदायिक एंगल होने से इनकार किया है।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि यूजर का दावा भ्रामक है। इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। प्रेमी और प्रेमिका दोनों हिन्दू धर्म से हैं और युवती को उसके घरवाले ले गए थे।