सोशल मीडिया पर एक अमेरिकी बेस पर मिसाइल हादसे का बताकर एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक फाइटर जेट पर कुछ सैनिक मिसाइल लोड कर रहे होते हैं, तभी मिसाइल एक्टिवेट होकर एक फाइटर जेट से टकरा जाता है और फाइटर जेट नष्ट हो जाता है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘छोटी सी गलती बड़ा खतरा बन सकती है..सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है, ये वीडियो यही सिखाता है’

फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि यह किसी वास्तविक घटना का वीडियो नहीं है, बल्कि AI-जनरेटेड वीडियो है। वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि इस वीडियो की शुरुआत में मिसाइल के उपरी हिस्से यानी वारहेड से आग निकलती, जबकि मिसाइल एक्टिवेट होते वक्त आग रॉकेट इंजन (प्रोपल्शन सिस्टम) से निकलती है। वीडियो में आगे अचानक नीचले हिस्से यानी रॉकेट इंजन (प्रोपल्शन सिस्टम) से आग निकलने लगती है। जो यह इशारा करता है कि वायरल वीडियो एआई-जनरेटेड है।

वहीं आगे की जांच में हमने पाया कि वायरल वीडियो पर वाटरमार्क MHRX लिखा है, जिसके बाद हमने MHRX के बारे में गूगल पर सर्च किया। हमें MHRX Military नामक एक फेसबुक पेज मिला। इस फेसबुक पर हमें वायरल वीडियो भी पोस्ट मिला, जिसके साथ डिस्क्लेमर में जानकारी दी गई है, ‘यह एक काल्पनिक सिनेमैटिक सिमुलेशन है। ये वास्तविक घटनाएँ नहीं हैं।’

वायरल वीडियो की जांच हमने एआई-डिटेक्टर टूल्स हाइव मॉडरेशन और detectvideo.ai से की। हमारी जांच में परिणाम सामने आया कि यह वीडियो एआई-जनरेटेड है।

वहीं हमारी टीम ने वायरल वीडियो के संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए एआई एक्सपर्ट मयंक शर्मा से संपर्क किया। मयंक ने वीडियो का विश्लेषण करने के बाद हमें बताया कि यह वीडियो एआई-जनरेटेड है। वीडियो में मिसाइल की मूवमेंट सही नहीं है और यह विज्ञान के नियमों के खिलाफ है।
निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो किसी अमेरिकी बेस का ओरिजिनल वीडियो नहीं है। इस वीडियो को एआई द्वारा बनाया गया है। इसलिए यूजर्स का दावा फेक है।

