Tarun Case

फैक्ट चेकः क्या तरुण को इंसाफ दिलाने के लिए CM योगी दिल्ली के उत्तम नगर पहुंचे? नहीं, वायरल वीडियो गोरखपुर का है

Fact Check hi Featured Misleading

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन एक विवाद में तरुण नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस बीच सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो वायरल है, जिसमें उन्हें पैदल जाते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स का दावा कर रहे हैं कि तरुण को इंसाफ दिलाने के लिए सीएम योगी दिल्ली के उत्तम नगर पहुंचे हैं।

इस वीडियो को शेयर करते हुए फेसबुक पर एक यूजर ने लिखा, ‘तरूण के मौत के बाद योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे’

लिंक

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को सीएम योगी आदित्यनाथ के दिल्ली पहुंचने के दावे के साथ शेयर किया है, जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने जांच में पाया कि सीएम योगी का वायरल वीडियो दिल्ली के उत्तम नगर पहुंचने का नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होलिका उत्सव के दौरान निकाली गई शोभायात्रा का है। हमारी टीम ने वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले यह जानने के लिए गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया कि क्या सीएम योगी दिल्ली के उत्तम नगर पहुंचे थे?, जांच के दौरान हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट्स नहीं मिली, जिसमें सीएम योगी के उत्तम नगर आने की कवरेज की गई हो। वहीं हमने सीएम योगी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स (फेसबुक और एक्स) को भी देखा, लेकिन यहां भी उत्तम नगर आने की कोई सूचना नहीं दी गई है।

इसके बाद हमारी टीम ने वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो localnewsgorakhpur नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट मिला। इस पोस्ट के साथ जानकारी दी गई है, ‘Gorakhpur/श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति पांडेयहाता द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामित होकर फूलों और गुलाल की होली खेती। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और पूरे क्षेत्र में रंग, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया।’

जांच के दौरान यही वीडियो हमें न्यूज एजेंसी IANS के एक्स हैंडल पर भी पोस्ट मिला, जिसके साथ जानकारी दी गई है, ‘उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांडेयहाता में भक्त प्रहलाद जुलूस और आरती में भाग लिया, फूलों की होली खेली, गोरखपुर निवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं, मंच पर सांसद रवि किशन, विधायक विपिन सिंह और चारू चौधरी मौजूद रहे।’

गोरखपुर में पाण्डेयहाता द्वारा आयोजित भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा में शामिल होने का वीडियो सीएम योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक एक्स हैंडल्स पर भी पोस्ट किया गया है।

वहीं, इस संदर्भ में और ज्यादा जानकारी के लिए हमारी टीम ने localnewsgorakhpur के पत्रकार राजेश से संपर्क किया। राजेश ने कन्फर्म किया कि वायरल वीडियो गोरखपुर का है, जहां सीएम योगी पांडेयहाता में आयोजित होलिका उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर सीएम योगी का शेयर किया गया वीडियो दिल्ली के उत्तम नगर आने का नहीं है। यह वीडियो गोरखपुर में होलिका उत्सव कार्यक्रम का है। इसलिए यूजर्स का दावा भ्रामक है।