उत्तराखंड के उत्तरकाशी में आपदा से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर को उत्तराखंड का बताकर शेयर किया गया है। इस तस्वीर के साथ दावा है कि उत्तराखंड में क्लासरूम के अंदर कई स्कूली बच्चों की हादसे में मौत हो गई है।
इस तस्वीर के साथ Himachal Update 24 News नामक फेसबुक पेज ने लिखा, ‘रास्ता देखती रह गई माएं। बच्चे स्कूल से सीधे स्वर्ग चले गए। UK ( UTRAKHAND) ईतनी भयानक तसवीरें देखकर जिंदगी एक खिलौना सा लगती है। मुझे ये फोटो डालते हुए भी अजीब सा फील हो रहा। Social media पे ईस तरह के content कम से कम ही डालें। भगबान सबको अपने श्री चरणों में जगह देना’

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी इस तस्वीर को शेयर किया है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेकः
DFRAC की टीम ने सबसे पहले उत्तराखंड में हादसे में स्कूली बच्चों की मौत होने के संदर्भ में गूगल पर हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में कीवर्ड्स सर्च किया, लेकिन हमें मुख्यधारा की मीडिया द्वारा हाल-फिलहाल प्रकाशित कोई भी सूचना नहीं मिली। इसके बाद हमारी टीम ने उत्तराखंड पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स को भी देखा, लेकिन वहां भी हाल-फिलहाल स्कूली बच्चों की मौत के संदर्भ में कोई सूचना नहीं मिली।
आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने वायरल तस्वीर की AI डिटेक्टर टूल हाइव मॉडरेशन पर जांच की। हमारी जांच में सामने आया कि वायरल तस्वीर के AI-जनरेटेड होने के 99.9 प्रतिशत चांस हैं।

निष्कर्षः
DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीर AI-जनरेटेड है। वहीं उत्तराखंड में क्लासरूम के अंदर हादसे में स्कूली बच्चों के मौत की कोई सूचना किसी भी मुख्यधारा की मीडिया में प्रकाशित नहीं है। इसलिए यूजर्स का दावा गलत है।

