Abhay Nayak

फैक्ट चेकः लंदन विमान को उड़ाने की धमकी देने वाले अभय नायक को मुस्लिम बताकर भ्रामक दावा वायरल

Fact Check hi Featured Misleading

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स विमान के अंदर अल्लाह हू अकबर का नारा लगा रहा है और विमान को उड़ाने की धमकी दे रहा है। यूजर्स इस शख्स को मुस्लिम बताकर सांप्रदायिक दावे के साथ पोस्ट शेयर कर रहे हैं।

मिस्टर त्यागी नामक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘लंदन से ग्लासगो जा रही फ्लाइट में एक मुस्लिम यात्री ने अचानक “अल्लाह हू अकबर” चिल्लाना शुरू कर दिया और बोला “डेथ टू अमेरिका, डेथ टू ट्रंप”..उसने प्लेन को बम से उड़ाने की धमकी भी दी। पायलट ने फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। पूरी दुनिया में इस एक नारे को सुनकर दहशत क्यों फैल जाती है?’

लिंक

वहीं इस वीडियो को कई अन्य यूजर्स द्वारा भी ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया जा रहा है, जिसे यहां, यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

DFRAC की टीम ने वायरल वीडियो के संदर्भ में गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किया। हमें इस घटना के बारे में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया की कई न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं। इन रिपोर्ट्स में आरोपी का नाम भारतीय मूल का अभय नायक बताया गया है। बीबीसी की रिपोर्ट में बताया गया है कि ल्यूटन से ग्लासगो जाने वाली ईजीजेट की उड़ान में गड़बड़ी के मामले में 41 वर्षीय अभय नायक को गिरफ्तार कर पैस्ले शेरिफ कोर्ट में पेश किया गया। इस रिपोर्ट में अभय नायक को ल्यूटन का रहने वाला बताया गया है और इस मामले की अगले हफ्ते फिर सुनवाई होगी।

लिंक

वहीं इंडिया टुडे की रिपोर्ट में भी बताया गया है कि आरोपी का नाम अभय देवदास नायक है। अभय भारतीय मूल का है और बेडफोर्डशायर के ल्यूटन का निवासी है। उस पर ब्रिटेन के एयर नेविगेशन ऑर्डर के तहत हमला करने और विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया गया था। ग्लासगो के पास स्थित पैस्ले शेरिफ कोर्ट में पेश किए जाने पर उसने कोई दलील पेश नहीं की।

लिंक

हमें इन मीडिया रिपोर्ट्स में आरोपी के मुस्लिम होने के बारे में कोई सूचना नहीं मिली।

निष्कर्षः

DFRAC के फैक्ट चेक से साफ है कि सोशल मीडिया पर आरोपी अभय देवदास नायक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसे मुस्लिम बताते हुए सांप्रदायिक और भ्रामक दावा किया गया है।